सरकार से जनता और कार्यकर्ता संतुष्ट या नाराज:BJP जुटाएगी फीडबैक, 230 नेताओं को जिम्मेदारी, हर विधानसभा में 25 दिन रहेंगे

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव भले ही अभी दो साल दूर हों, लेकिन भाजपा ने चुनावी तैयारियों की शुरुआती कवायद शुरू कर दी है। पार्टी ने प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर सेवा दूत तैनात किए हैं।

इनमें मौजूदा विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व जिला अध्यक्ष और निगम-मंडल-बोर्ड के अध्यक्ष व उपाध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ये सेवा दूत 1 से 25 दिसंबर तक अपनी आवंटित विधानसभा में रहेंगे और वहां सरकार के कामकाज से लेकर संगठन की सक्रियता तक का फीडबैक जुटाएंगे।

भाजपा ने इस अभियान के लिए 25 दिन का डेली कैलेंडर तैयार किया है। इसमें हर दिन की गतिविधियां और जिम्मेदारियां तय की गई हैं। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर सेवा दूत अपनी आवंटित विधानसभा नहीं छोड़ सकेंगे।

अभियान का मकसद सिर्फ सरकारी योजनाओं का प्रचार करना नहीं, बल्कि यह पता लगाना भी है कि योजनाओं का लाभ लोगों तक कितना पहुंच रहा है और जनता के बीच सरकार व संगठन को लेकर क्या प्रतिक्रिया है।

सरकार की स्कीम से संतुष्ट या नाराज फीडबैक लेंगे

इस अभियान में तीन प्रमुख आयामों पर जानकारी जुटाई जाएगी। पहला, विधानसभा क्षेत्र की मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियां कैसी हैं और संगठनात्मक गतिविधियों की स्थिति क्या है।

दूसरा, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं जमीन पर कितनी प्रभावी हैं और लाभार्थी उनसे कितने संतुष्ट हैं। तीसरा, स्थानीय स्तर पर जनता के बीच कौन-सा नैरेटिव चल रहा है और लोगों की प्रमुख समस्याएं क्या हैं।

अभियान के दौरान सेवा दूत स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करेंगे। उनके अनुभव और कहानियां भी संकलित की जाएंगी, ताकि यह पता चल सके कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लोगों के जीवन में क्या बदलाव आया है।

निगम-मंडलों के अध्यक्षों को भी विधानसभा की जिम्मेदारी

भाजपा ने इस अभियान के लिए निगम-मंडल और बोर्ड के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों को भी जिम्मेदारी दी है। राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, भोपाल की दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के विधायक भगवानदास सबनानी, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया और पूर्व सांसद अशोक अर्गल सहित कई वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में सेवा दूत बनाया गया है।

कुछ जिला अध्यक्षों को भी अपने जिले के बजाय दूसरे जिले की विधानसभा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सेवा दूतों को पांच मंडलों में जाकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठकें करनी होंगी। इसके अलावा शक्ति केंद्र स्तर पर भी लोगों से बातचीत करनी होगी। अभियान से स्थानीय प्रभावशाली लोगों और सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाने वालों को भी जोड़ने की योजना है।

विकसित भारत यात्रा में स्थानीय विकास कार्यों का भी होगा प्रचार

अभियान के तहत ‘विकसित भारत यात्रा’ भी निकाली जाएगी। इसमें सेवा दूत विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख विकास कार्यों और स्थलों का दौरा करेंगे। इसका मकसद क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को लोगों के सामने लाना और उनका रिकॉर्ड तैयार करना है।

इसके लिए विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख सड़कें, रेलवे स्टेशन, अस्पताल और जल परियोजनाओं जैसे स्थानों को चुना जाएगा। स्थानीय प्रभावशाली लोगों और सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाने वालों को भी इस यात्रा में शामिल होने के लिए बुलाया जाएगा।

यात्रा का रास्ता और कार्यक्रम तय करने में उनकी मदद ली जाएगी। इस दौरान सेवा दूत स्थानीय लोगों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत करेंगे। कंटेंट क्रिएटर्स को विकास कार्यों पर पोस्ट और वीडियो बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इन पोस्ट और वीडियो को पार्टी और नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर किया जाएगा।