अमेरिका के मिसिसिप्पी में फायरिंग, 6 की मौत:आरोपी ने पूर्व पत्नी और उसके मंगेतर को गोली मारी, पुलिस ने गिरफ्तार किया

अमेरिका में मास शूटिंग की घटनाएं बढ़ती जा रही है। यहां टेनेसी स्टेट के मिसिसिप्पी शहर में शुक्रवार देर रात गोलीबारी हुई। इस घटना में 6 लोग मारे गए। CNN के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ऑफिसर ब्रैड लांस ने बताया कि 52 साल के हमलावर रिचर्ड डेल क्रुम ने अपनी पूर्व पत्नी की हत्या कर दी। मारे गए अन्य लोग पूर्व पत्नी के परिजन बताए जा रहे हैं। इस गोलीबारी में एक अन्य शख्स घायल हुआ है। अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी को घर से गिरफ्तार किया
पुलिस ऑफिसर ब्रैड लांस ने कहा- घटना मिसिसिप्पी शहर के अर्कबुतला इलाके में हुई। यहां एक स्टोर के पार्किंग में हमलावर ने गाड़ी में बैठे एक शख्स पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी रिचर्ड डेल क्रुम अपनी पूर्व पत्नी के घर पहुंचा। यहां उसने अपनी पूर्व पत्नी और उसके मंगेतर को गोली मारी दी। फिर वो अपने घर चला गया, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

घर के पास दो लोगों को मारा
पुलिस अधिकारी लांस ने बताया कि पुलिस को आरोपी के घर के पास दो अन्य लोगों के शव मिले। उन्होंने कहा- रिचर्ड डेल क्रुम के घर के पीछे हमें दो शव मिले, उनके शरीर पर गोली लगने के निशान थे। एक शव सड़क पर पड़ा था। दूसरा गाड़ी में था। इनमें से एक शव महिला का था। हमें लगता है कि इन लोगों का भी आरोपी से कोई रिश्ता था। जांच की जा रही है। इसके बाद ही कुछ साफ हो पाएगा।

आरोपी के पास से कई गन बरामद हुई
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास कई तरह की गन थीं। पुलिस ऑफिसर लांस ने कहा- हमें आरोपी के घर के सामने उसकी कार मिली। इसमें कई हैंडगन और शॉर्टगन रखी हुई थीं। हमने उसे फौरन गिरफ्तार किया और हथियारों को सील किया। फिलहाल हमले की वजह साफ नहीं है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।