रायसेन में रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार, 27 मार्च को 13वीं वार्षिक शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्री रामनवमी भव्य शोभा यात्रा समिति ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर को भगवा पताकाओं और झंडों से सजाया गया है।
समिति सदस्य राहुल परमार के अनुसार इस वर्ष यात्रा में भगवान श्रीराम, हनुमान और छत्रपति शिवाजी महाराज की 12-12 फीट ऊंची प्रतिमाएं मुख्य आकर्षण होंगी। इसके साथ ही 20 धमाल ढोल, तीन अखाड़े, रमदुल्ले, ताशे, भालू डीजे और अन्य ढोल यात्रा का हिस्सा होंगे। शोभायात्रा में भगवा ध्वजधारी सबसे आगे चलेंगे।
यहां से गुजरेगी यात्रा
शोभायात्रा गंज बाजार स्थित सिद्ध हनुमान मंदिर से दोपहर 3 बजे शुरू होगी। यह महामाया चौक, इंडियन चौराहा, अथाई मोहल्ला, तिपट्टा बाजार से होकर टीन वाली और जामा मस्जिद के रास्ते पुरानी तहसील, चौपड़ा मोहल्ला, कृषि उपज मंडी और बीजेपी कार्यालय होते हुए सागर-भोपाल तिराहा से रामलीला मैदान पहुंचेगी।
पुलिस प्रशासन ने यात्रा के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। यात्रा की निगरानी ड्रोन कैमरों की मदद से भी की जाएगी, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित रूप से हिस्सा ले सकें।