Delhi Weather News: दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश

दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार शाम को कई जगहों पर तेज हवा के साथ बारिश हुई है। दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद में तेज हवा के साथ बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। फरीदाबाद में तेज हवाएं चल रही हैं और बादल गरज रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली समेत राजधानी के कई इलाकों में तेज बारिश हुई है। नेहरू प्लेस में बारिश से बचने के लिए लोग भागते हुए नजर जबकि कई लोग छाता लेकर सड़क पर जाते दिखाई दिए।

गुरुग्राम में भी तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। जबकि फरीदाबाद में भी बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं नोएडा में हल्की बारिश हुई है। गाजियाबाद में भी बदल गया है। बादल छाए हुए हैं। ऐसा लग रहा है कि कभी भी यहां बारिश हो सकती है।

इससे पहले मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाते हुए कहा कि दक्षिण दिल्ली, पूर्वदिल्ली, नूंह, तिजारा, रेवाड़ी, फरीदाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में इंदिरापुरम में तेज हवा के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग ने कहा कि अलग-अलग स्थानों पर 20-40 किमी / घंटा की हवा की गति के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होगी। इसके साथ बादल भी गरजेंगे।

इससे पहले दिन भर की तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच शुक्रवार शाम भी मौसम ने करवट ली थी। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली और फिर कई इलाकों में हल्की बारिश हुई।

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 40.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 33 से 77 फीसद रहा। दिल्ली के कई अन्य इलाकों में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार ही दर्ज किया गया। सर्वाधिक तापमान पीतमपुरा का 41.4 डिग्री सेल्सियस रहा।