बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पहली बार राजस्थान आएंगे। वे कल टोंक में रहेंगे और यहां से 7 बीजेपी कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे। उनके साथ, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी मौजूद रहेंगे।
रविवार को तैयारियों का जायजा लेने के लिए बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल राठौड़, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर टोंक में मौजूद रहे। पुलिस लाइन पर बनाए गए हेलीपैड और बीजेपी कार्यालय के सामने ही खाली पड़ी जगह पर बनाए गए सभा स्थल का जायजा लिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने बताया भीम राव अंबेडकर स्टेडियम के पास स्थित नवनिर्मित बीजेपी कार्यालय के सामने सभा स्थल पर 200 गुना 500 फीट का डोम बनाया जा रहा है। नितिन नबीन सुबह 10 बजे टोंक पहुंचकर कार्यालय का उद्घाटन करेंगे व कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। कार्यक्रम में 30 हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने का अनुमान है। 10 हजार कुर्सियां लगाईं जाएंगी।
‘पायलट भविष्य खराब कर रहे’
इस दौरान कार्यक्रम को लेकर मदन राठौड़ ने प्रेस वार्ता भी की। इस दौरान मीडिया ने पूछा कि टोंक में कांग्रेस के दो बड़े नेता हैं पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट और सांसद हरीश चंद्र मीना। इन नेताओं के गढ़ में कल की सभा में कांग्रेस के कुछ बड़े नेताओं के बीजेपी जॉइन करने की चर्चा है।
इस पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- सचिन पायलट भले व्यक्ति हैं, सही आदमी हैं। अच्छे व्यक्तित्व के धनी हैं। गलत पार्टी में हैं और अपना भविष्य खराब कर रहे हैं। अगर वह राष्ट्रीय प्रेम की भावना को लेकर भाजपा में आते हैं तो बहुत स्वागत है।
टोंक में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन
चौहान ने बताया- नितिन नबीन टोंक से बीजेपी के नव निर्मित 7 जिला कार्यालयों का उद्घाटन और जालोर कार्यालय का शिलान्यास करेंगे। इसमें टोंक, बूंदी, प्रतापगढ़, बाड़मेर, चुरू, डूंगरपुर और पाली जिले शामिल हैं।
टोंक में जिला कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर वे बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। बूथ बीजेपी की सबसे छोटी इकाई है, ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष के अपने पहले दौरे का पहला भाषण बूथ कार्यकर्ताओं के नाम रहेगा। इस दौरान सभी नवनिर्मित जिला कार्यालयों पर उनका भाषण लाइव दिखाया जाएगा। इसके साथ ही, सांस्कृतिक कार्यक्रम में कच्छी घोड़ी, भवई, कालबेलिया नृत्य, बधावा गीत, अलगोजा, लंगा पार्टी सहित अन्य कार्यक्रम होंगे।
जयपुर में टॉप लीडरशिप से चर्चा
टोंक के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जयपुर पहुंचेंगे। यहां वे प्रदेश बीजेपी कार्यालय में पहले पार्टी पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। इस बैठक में पार्टी पदाधिकारियों के साथ मोर्चा अध्यक्ष और प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक भी मौजूद रहेंगे।
उसके बाद कोर कमेटी की बैठक में प्रदेश की टॉप लीडरशिप से प्रदेश के राजनीतिक हालत, सत्ता व संगठन के कामकाज और बीजेपी के प्रशिक्षण अभियान सहित आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे।
महिला बैंड से स्वागत, बाइक रैली से एस्कॉर्ट
जयपुर दौरे के दौरान पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के भव्य स्वागत की तैयारियां की हैं। जयपुर एयरपोर्ट से प्रदेश बीजेपी कार्यालय के 12 किलोमीटर के सफर के दौरान जगह-जगह राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया जाएगा।
इसके लिए 11 स्वागत मंच बनाने का फैसला हुआ है। जयपुर एयरपोर्ट के बाहर पहला स्वागत मंच होगा, यहां पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का संक्षिप्त संबोधन भी होगा। यहां पर सांगानेर, चाकसू और बगरू विधानसभा के कार्यकर्ताओं की ओर से उनका अभिनंदन किया जाएगा।