रतलाम में प्रोडक्ट लाइक के नाम पर 1.24 लाख ठगे:ऐप डाउनलोड कराकर फंसाया; पुलिस ने ग्वालियर से 2 को पकड़ा

रतलाम में ऑनलाइन प्रोडक्ट लाइक कर कमीशन कमाने का लालच देकर एक 24 वर्षीय युवती से 1.24 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है।

ठगों ने वाट्सएप पर लिंक भेजकर युवती को एक फर्जी ऐप डाउनलोड करवाया और क्यूआर कोड के जरिए अलग-अलग ट्रांजेक्शन कराकर इस वारदात को अंजाम दिया।

युवती की शिकायत के बाद सायबर सेल और माणकचौक थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर ग्वालियर से 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में इनका एक अन्य साथी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

100 के बदले 200 रुपए देकर जीता भरोसा, फिर ऐंठे लाखों

ठगों ने वाट्सएप पर लिंक भेजकर युवती को ‘Promotion Pioneers-1’ नाम का फर्जी ऐप डाउनलोड करवाया। इसके बाद फोन-पे, गूगल-पे और पेटीएम की जानकारी लेकर उसे क्यूआर कोड भेजा। शुरुआत में 100 रुपए जमा करवाकर प्रोडक्ट लाइक करने का टास्क पूरा करने पर ठगों ने 200 रुपए लौटाए। भरोसा जीतने के बाद 200 के 300, 1000 के 1500 और 3000 के 6000 रुपए डलवाए। इसी तरह लालच देकर ठगों ने युवती से कुल 1 लाख 24 हजार 100 रुपए जमा करवा लिए। जब युवती ने और रकम जमा करने के बाद अपने पैसे वापस मांगे, तो ठगों ने लौटाने से मना कर दिया।

कमीशन का लालच देकर खुलवाया था ‘म्यूल अकाउंट’

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान करण कुशवाह (22) और दीपू उर्फ दीपक कुशवाह (23) के रूप में हुई है। दोनों ग्वालियर जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दीपू ने कमीशन का लालच देकर करण का बैंक अकाउंट (म्यूल अकाउंट) खुलवाया था, जिसमें ठगी की रकम मंगाई जाती थी। इस गैंग का तीसरा साथी रिंकेश (निवासी अमरोला चिनौल, ग्वालियर) फरार है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह की आगे की लिंक खंगाल रही है।

एसपी की अपील- अनजान लिंक और क्यूआर कोड से रहें सावधान

मामले का खुलासा करते हुए एसपी अमित कुमार ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन टास्क, पार्ट-टाइम जॉब, प्रोडक्ट लाइक या निवेश के नाम पर मिलने वाले अनजान लिंक एवं क्यूआर कोड से सावधान रहें। किसी भी लालच में आकर धनराशि ट्रांसफर न करें।