RSS प्रमुख मोहन भागवत की ट्रेन पर पथराव:फिरोजाबाद में शताब्दी एक्सप्रेस का E-1 कोच बना निशाना, कानपुर से दिल्ली जा रहे थे

फिरोजाबाद में संघ प्रमुख मोहन भागवत की ट्रेन पर गुरुवार शाम को पथराव हुआ। पत्थर सीधे उसी बोगी पर लगा, जिसमें वह बैठे थे। इससे खिड़की का शीशा टूट गया। भागवत कानपुर से शताब्दी एक्सप्रेस से नई दिल्ली जा रहे थे।

भागवत एग्जीक्यूटिव क्लास के E-1 कोच में थे। ट्रेन जब मक्खनपुर-फिरोजाबाद के बीच से गुजर रही थी, तभी अचानक बोगी को निशाना बनाकर पत्थर फेंका गया। गनीमत रही कि इस पथराव में संघ प्रमुख सुरक्षित रहे।

सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन को बीच रास्ते में कहीं भी नहीं रोका गया। घटना की सूचना मिलते ही टूंडला जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के आला अधिकारी भारी फोर्स के साथ मुस्तैद हो गए।

शाम 7:34 बजे जैसे ही शताब्दी एक्सप्रेस टूंडला जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर आकर रुकी, सुरक्षा घेरा बेहद सख्त कर दिया गया। टूंडला जंक्शन पर सुरक्षा जांच करने के बाद ट्रेन को शाम 7:41 बजे दिल्ली रवाना कर दिया गया। वहीं, आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीमों ने मक्खनपुर-फिरोजाबाद रेल खंड के आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।

इससे पहले भागवत गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे नीतू सिंह की बेटी के आशीर्वाद समारोह में शामिल होने पहुंचे। नीतू सिंह कानपुर के पूर्व भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी की बड़ी बेटी हैं। नीतू सिंह की बेटी वसुंधरा और यश की 21 जून को शादी है।

कुछ समय यहां रुकने के बाद भागवत लौट गए। इस दौरान नीतू सिंह ने भागवत के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उनका अभिवादन किया। इस आशीर्वाद समारोह में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, यूपी सरकार में मंत्री सूर्यप्रताप शाही, योगेंद्र उपाध्याय, भूपेंद्र चौधरी मंत्री समेत कई वीआईपी शामिल हुए। इसे देखते हुए शहर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। नीतू सिंह का परिवार लंबे समय से संघ से जुड़ा रहा है।

संघ प्रमुख मोहन भागवत की ट्रेन पर पथराव हुआ है। पत्थर सीधे उसी बोगी पर लगा, जिसमें भागवत मौजूद थे।

इससे खिड़की का एक शीशा टूट गया। इस घटना से रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मच गई।

नीतू सिंह के बारे में जानिए

नीतू सिंह कानपुर के प्रतिष्ठित बैरिस्टर नरेन्द्रजीत सिंह परिवार की बहू हैं। उनके पति यतीन्द्रजीत सिंह हैं, जो पूर्व क्षेत्र संघचालक रहे वीरेन्द्रजीत सिंह के बेटे और संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी रहे बैरिस्टर नरेन्द्रजीत सिंह के पौत्र हैं। नीतू सिंह की बेटी वसुंधरा का विवाह 21 जून को कानपुर के बड़े व्यापारी विकास मल्होत्रा के बेटे यश से होना है।

बैरिस्टर नरेन्द्रजीत सिंह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख पदाधिकारियों में रहे हैं। लंदन से शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने भारत लौटकर संघ की विचारधारा से जुड़ते हुए संगठन के विस्तार और मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह लंबे समय तक क्षेत्र संघचालक रहे और संघ कार्यों के मार्गदर्शक के रूप में पहचान बनाई।

उनके बाद परिवार की अगली पीढ़ी ने भी संघ कार्यों को आगे बढ़ाया। उनके पुत्र वीरेन्द्रजीत सिंह ने भी क्षेत्र संघचालक के रूप में जिम्मेदारी निभाई। आपातकाल के दौरान संघ पर प्रतिबंध लगने के बावजूद बैरिस्टर नरेन्द्रजीत सिंह के आवास से संगठन की गतिविधियां संचालित होती रहीं और उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी संघ कार्यों का मार्गदर्शन जारी रखा।

वसुंधरा सिंह के परदादा नरेन्द्रजीत सिंह लंदन से आने के बाद RSS से जुड़ गए थे

बैरिस्टर नरेन्द्रजीत सिंह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय संघचालक रहे हैं। लंदन से शिक्षा प्राप्त करने के बाद वे भारत लौटे और संघ की विचारधारा से जुड़कर संगठन के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई।

इसके बाद उनके परिवार की अगली पीढ़ी ने भी संघ के कार्यों को आगे बढ़ाया। उनके बेटे वीरेन्द्रजीत सिंह भी क्षेत्र संघचालक रहे। आपातकाल के दौरान संघ पर प्रतिबंध लगा दिया गया था, लेकिन उस कठिन दौर में भी बैरिस्टर नरेन्द्रजीत सिंह के निवास से संघ की गतिविधियां संचालित होती रहीं। उन्होंने संगठन के कार्य को बंद नहीं होने दिया और निरंतर उसका मार्गदर्शन करते रहे।

बैरिस्टर नरेन्द्रजीत सिंह के बेटे वीरेन्द्रजीत सिंह हैं। वीरेन्द्रजीत सिंह के बेटे यतीन्द्रजीत सिंह हैं। यतीन्द्रजीत सिंह की पत्नी नीतू सिंह हैं। उनकी बेटी वसुंधरा हैं। वसुंधरा के विवाह से पहले आज आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया है।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था 11 जून को दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगी।

कर्बला चौराहा से कंपनीबाग चौराहा की ओर किसी भी वाहन का प्रवेश नहीं होगा। ऐसे वाहन मछुआ रोड और मैनावती मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। कंपनीबाग चौराहा से कर्बला चौराहा की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

वाहन चालक रावतपुर, नवाबगंज थाना क्षेत्र और चिड़ियाघर मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। गंगा बैराज से कर्बला चौराहा की ओर जाने वाले वाहनों को अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन एनआरआई सिटी, बनियापुरवा, यश कोठारी और मैनावती मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

पुलिस डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और यात्रा पर निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। किसी भी प्रकार की असुविधा या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर

ट्रैफिक कंट्रोल रूम : 9305104340 ग्रीन कॉरिडोर सेल : 9454402413

पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से सड़क पर चल रही एम्बुलेंस को प्राथमिकता देते हुए तत्काल रास्ता देने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि आपकी सतर्कता, संवेदनशीलता और सूझबूझ किसी की जान बचा सकती है।