एमपी में 3 स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव, भोपाल में बारिश:बैतूल में 3 इंच से ज्यादा पानी गिरा, रेलवे की दीवार झोपड़ी पर गिरी, मजदूर की मौत

मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। प्रदेश में एक साथ तीन मजबूत वेदर सिस्टम मानसून ट्रफ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और शियर जोन सक्रिय होने से आने वाले चार दिनों तक प्रदेशभर में झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने खासकर मालवा-निमाड़ (इंदौर और उज्जैन संभाग) में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है।

मौसम केंद्र भोपाल ने गुरुवार को उज्जैन और सागर समेत प्रदेश के 17 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों में कुछ इलाकों में 4 इंच से भी ज्यादा बारिश हो सकती है। राजधानी भोपाल में सुबह से ही रिमझिम और तेज बारिश का दौर जारी है। इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और सतना समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।

रेलवे की दीवार झोपड़ी पर गिरी, 1 की मौत

बैतूल जिले में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात हुई मूसलधार बारिश के दौरान गंज थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां रेलवे की बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर पास बनी एक झोपड़ी पर गिर गई। हादसे के वक्त झोपड़ी में सो रहे 27 वर्षीय मजदूर राहुल उइके की मलबे में दबने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका साथी शनि सिंह इस हादसे में मामूली रूप से घायल हुआ है।