विशाखापट्टनम में गुरुवार को टीचर की पिटाई से 6 साल के बच्चे की मौत हो गई। CCTV में नजर आया कि पिटाई के बाद बच्चा टीचर की गोद में ही गिर पड़ा। परिजन का आरोप है कि टीचर की पिटाई से बच्चे को दहशत में हार्ट अटैक आ गया।
यह पूरी घटना क्लासरूम में लगे CCTV में रिकॉर्ड हो गई। इसमें दिखाई दे रहा है कि टीचर ने उसके कपड़े उतारने की कोशिश की और थप्पड़ मारा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक मृतक प्रणय तेजा लिटिल गार्डन्स स्कूल के UKG में पढ़ता था। टीचर की गोद में गिरने के बाद बच्चे को किंग जॉर्ज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
CCTV सामने आने के बाद पता चला
रिपोर्ट्स में कहा गया है कि घटना का पता तब चला जब क्लास का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया। आरोप है कि यह सब होमवर्क न करके आने पर बच्चे को शर्मिंदा करने के लिए किया जा रहा था।
बच्चे की मेडिकल हिस्ट्री की जांच करेगी पुलिस
पुलिस ने बच्चे की मौत की वजह की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी CCTV फुटेज की जांच कर रहे हैं। यह भी देखा जा रहा है कि बच्चे को पहले से कोई बीमारी थी या नहीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है।