हरियाणा के पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा की ससुराल आर्यनगर में प्रेम विवाह के खिलाफ प्रस्ताव पास किया गया है। यहां रविवार को हुई समाज की बैठक में गांव में फैल रही कुरीतियों पर चर्चा की गई। बैठक में पंचायत प्रतिनिधि, सरपंच और गांव के कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
इसी दौरान पंचायत ने फैसला लिया, अगर गांव का कोई युवक-युवती आपस में प्रेम विवाह करते हैं, तो उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। ऐसे शादीशुदा जोड़ों को गांव में रहने की इजाजत नहीं दी जाएगी। इसके अलावा, जो परिजन या अन्य व्यक्ति ऐसे प्रेमी जोड़ों का साथ देंगे, उनका भी सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।
ग्रामीणों के मुताबिक, यह फैसला गांव में आपसी भाईचारा और सामाजिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया गया है। उनका कहना है कि गांव के ही युवक-युवती के आपस में शादी करने से परिवारों और सामाजिक रिश्तों में अक्सर विवाद पैदा होता है। गांव आर्य नगर हरियाणा के पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा की ससुराल है। मंत्री का गांव गंगवा यहां से 6 किलोमीटर की दूरी पर है।
गांव में तीन मामले सामने आए
फिलहाल गांव में ऐसे करीब तीन मामले सामने आ चुके हैं। जिनमें गांव के ही युवक-युवती ने आपस में शादी की है। बैठक में कहा गया कि भविष्य में ऐसे मामलों की संख्या न बढ़े और युवा पहले से सावधान रहें, इसी मकसद से यह सामूहिक निर्णय लिया गया है।
बैठक में सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, युवाओं को जागरूक करने और गांव में आपसी सौहार्द बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। पंचायत और ग्रामीणों ने कहा कि भविष्य में भी सामाजिक मुद्दों पर सर्व समाज की बैठकें होती रहेंगी।