कुरुक्षेत्र में बुजुर्ग महिला से बालियां छीनने के मामले में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम आरोपी और उसके साथी को रिकवरी के लिए लेकर हरिद्वार लेकर गई थी। लौटते समय आरोपी ने टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई।
पुलिस के मुताबिक, मथाना गांव के पास गाड़ी से नीचे उतारा तो आरोपी ने पुलिसकर्मी को धक्का दिया और भागने की कोशिश में दीवार से कूदकर गया। इस दौरान उसके पैर में चोट लग गई। पुलिस ने तुरंत उसे काबू किया और LNJP अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी की पहचान सतवीर सिंह निवासी बिलाई, जिला बिजनौर (यूपी) के रूप में हुई।
घर में घुसने से पहले छीनी थीं बालियां
न्यू शांतिनगर की रहने वाली बुजुर्ग महिला 21 सितंबर की शाम करीब 5 बजे घर से घूमने के लिए निकली थी। घूमने के बाद वह वापस घर में जाने लगी तो स्कूटी पर सवार 2 युवक उसके पास पहुंचे। एक ने महिला से पूछा कि यहां किसी का नया मकान बन रहा है क्या।
महिला ने इसके बारे में कोई भी जानकारी होने से मना कर दिया। इसी दौरान युवक ने उसके कानों से दोनों बालियां झपट लीं और स्कूटी पर बैठकर दोनों मौके से फरार हो गए। उस महिला की शिकायत पर थाना केयूके में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच CIA-1 को सौंपी गई थी।
27 को टीम ने किया दोनों को गिरफ्तार
CIA-1 की टीम ने वारदात के बाद CCTV फुटेज खंगाली और सूचना के आधार पर आरोपी सतवीर और उसके साथी कर्मचंद निवासी भौरी (भारापुर) जिला हरिद्वार उत्तराखंड को काबू किया। पूछताछ में दोनों ने न्यू शांतिनगर में बुजुर्ग महिला से स्नैचिंग की वारदात करना कबूल किया। कोर्ट के ऑर्डर पर पुलिस ने तीनों को रिमांड पर लिया था।
कर्मचंद हिस्ट्रीशीटर बदमाश
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कर्मचंद हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 30 मामले दर्ज हैं। इनमें स्नैचिंग, चोरी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और मारपीट से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस आरोपी सतवीर का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। फिलहाल आरोपी सतवीर का LNJP अस्पताल में इलाज चल रहा है।