लुधियाना में भगवान वाल्मीकि जयंती पर लगाए गए होर्डिंग पर भगवान वाल्मीकि की फोटो फाड़ने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। होर्डिंग पर लगी फोटो फाड़ने वाले युवक को आसपास के लोगों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। आरोपी का वीडियो अब सामने आया है।
लोगों ने युवक को अर्धनग्न कर उसके हाथ बांध दिए। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे थप्पड़ मारे। महिलाओं ने चप्पलों से भी उसकी पिटाई की। वहीं, वाल्मीकि धर्म समाज के सदस्य मौके पर पहुंचे और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
लोगों को शक है कि किसी ने जानबूझकर आरोपी से भगवान वाल्मीकि की फोटो वाला होर्डिंग फड़वाया है, ताकि शहर का माहौल खराब किया जा सके। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि उसने किसके कहने पर इस घटना को अंजाम दिया। मामला 5 अक्टूबर का है, पुलिस ने अब आरोपी चंदन के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
वीडियो में क्या-क्या दिख रहा जानिए…
- अर्द्ध नग्न हालत में युवक के हाथ बंधे: आरोपी ने जब भगवान वाल्मीकि के होर्डिंग को फाड़ा तो लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई की। उसके बाद कुछ लोगों ने उसकी शर्ट उतार दी और उसे अर्द्ध नग्न कर दिया। कुछ लोगों ने उसके हाथ बांध लिए। वीडियो में भी आरोपी के हाथ बंधे दिख रहे हैं।
- आरोपी से पूछते रहे लोग: मौके पर जमा लोग आरोपी से पूछते रहे, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। आखिर में वह इधर-उधर की बातें करने लगा। जिससे लोग और आक्रोशित हुए और फिर उसे थपड़ मारने लगे।
- महिला ने चप्पलों से की पिटाई: भगवान वाल्मीकि की फोटो का अपमान होने की बात सुनकर वहां पर भीड़ जमा हुई। इतने में एक महिला आई और उसने आरोपी की चप्पल से पिटाई करनी शुरू कर दी। महिला चप्पल से पिटाई करते समय भी उससे पूछती रही कि किसके कहने पर उसने इस हरकत को अंजाम दिया है, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया।
- पब्लिक ने पुलिस के हवाले किया आरोपी: आरोपी से करीब 10 मिनट तक पूछताछ करने के बाद जब उसने स्पष्ट नहीं बताया तो लोगों ने पुलिस को मौके पर बुलाया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। वाल्मीकि धर्म समाज के नेता राजबीर सिंह ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी से सख्त पूछताछ की जाए और पता किया जाए कि आखिर किसके कहने पर यह हरकत की गई।
- भगवान वाल्मीकि का अपमान नहीं करेंगे सहन: राजबीर सिंह ने कहा कि पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया गया, लेकिन कोई पकड़ा नहीं गया। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि का इस तरह अपमान करने वालों को अब नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज में कोई भी व्यक्ति भगवान वाल्मीकि का अपमान सहन नहीं करेगा।
सरिए से मारा भगवान वाल्मीकि की फोटो पर कट
समाज सेवक राजबीर सिंह राज का कहना है कि जमालपुर चौक में भगवान वाल्मीकि जी के प्रगटोत्सव के उपलक्ष्य में होर्डिंग लगे हैं। आरोपी ने सरिए का टुकड़ा लेकर होर्डिंग पर लगी भगवान वाल्मीकि की फोटो पर कट मारा है। इसके अलावा बाकी होर्डिंग को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है। जिससे साफ है कि आरोपी ने किसी के कहने पर यह शरारत की है ताकि शहर का माहौल खराब किया जा सके।
लोगों ने युवक को पकड़ा
राजबीर सिंह राज ने बताया कि कि आरोपी जब होर्डिंग फाड़ रहा था तो वहां मौजूद लोगों ने उसे रोका और पकड़ लिया। लोग उसे पूछते रहे लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। सूचना मिलने पर वो भी मौके पर गए।
उन्होंने बताया कि आरोपी युवक से जब पूछा गया तो वह इधर-उधर की बातें करने लगा। उन्होंने बताया कि आरोपी ने लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाया है और कुछ लोग ऐसा करके पंजाब का माहौल खराब करना चाहते हैं।
आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस
जांच अधिकारी संदीप सिंह ने कहा कि राहुल कुमार की शिकायत पर चंदन के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने किसके कहने पर इस घटना को अंजाम दिया है।