लुधियाना में बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल के कमरे में डीएमसी अस्पताल के सिक्योरिटी गार्ड का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान विकास सोढ़ी के रूप में हुई है। सुबह चेकआउट का समय होने के बावजूद जब विकास कमरे से बाहर नहीं आया तो होटल स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया।
काफी देर तक अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कमरा नंबर 103 का दरवाजा तोड़ा गया तो विकास का शव पंखे से चादर के सहारे लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया।
मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने कमरे की जांच करने के साथ मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है। पुलिस होटल के रिकॉर्ड और घटनास्थल से मिले अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
पत्नी की शिकायत पर महिला समेत 2 के खिलाफ केस पुलिस ने मृतक की पत्नी अनीता की शिकायत पर गोपाल नगर, हैबोवाल कलां निवासी नेहा और उसके जेठ रविंदर कुमार के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत केस दर्ज किया है।
अनीता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उसके पति विकास के घर के सामने रहने वाली महिला नेहा के साथ कथित तौर पर संबंध थे। इसी बात को लेकर नेहा का जेठ रविंदर कुमार विकास और उसके परिवार को अक्सर जान से मारने की धमकियां देता था।
5 अक्टूबर की रात हुआ झगड़ा
अनीता के मुताबिक, 5 अक्टूबर की रात रविंदर कुमार उनके घर आया और परिवार के साथ झगड़ा किया। इस दौरान उसने विकास को जान से मारने की धमकी भी दी। उसी दिन डीएमसी अस्पताल में ड्यूटी खत्म करने के बाद विकास घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
अगले दिन होटल से परिवार को मिली मौत की सूचना 6 अक्टूबर को अनीता के जेठ विक्की सोढ़ी ने उसे फोन कर बताया कि उसे बस स्टैंड के पास स्थित होटल रॉयल एमजी से फोन आया है। होटल स्टाफ ने बताया कि विकास ने कमरे में सुसाइड कर लिया है।
इसके बाद परिवार को उसकी मौत की जानकारी मिली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों का आरोप-महिला करती थी ब्लैकमेल, धमकियां भी दी गईं विक्की सोढ़ी ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि नेहा उनके घर के सामने रहती है। उसके परिवार का पहले भी कुछ लोगों के साथ विवाद रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेहा विकास को ब्लैकमेल करती थी और उसके साथ दोस्ती हो गई थी।
विक्की के मुताबिक, नेहा का जेठ रविंदर कुमार विकास को लगातार धमकियां दे रहा था।
विक्की ने आरोप लगाया कि विकास की मौत से एक रात पहले रविंदर कुमार डंडे आदि लेकर उनके घर में दाखिल हुआ था और परिवार को धमकाया था। परिवार की महिलाओं को भी धमकियां दी गईं। उन्होंने कहा कि विकास को जान से मारने की धमकियां मिलने के कारण उन्होंने एक रात पहले पुलिस को मारपीट की शिकायत भी दी थी।
विक्की के मुताबिक, विकास घर से बाइक पर यह कहकर निकला था कि वह कुछ देर में वापस आ जाएगा। बाद में उसकी बाइक होटल के पास स्थित पुलिस चौकी के नजदीक से मिली। विकास होटल में किसके साथ पहुंचा था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। विकास की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी और उसके दो बेटे हैं।
पुलिस बोली- जांच जारी पुलिस चौकी कोचर मार्केट के इंचार्ज धर्मपाल ने बताया कि होटल के कमरे से विकास का शव मिला है। परिवार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और होटल रिकॉर्ड समेत अन्य तथ्यों को खंगाला जा रहा है।