अमृतसर के मशहूर इंफ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू के मर्डर पर दो गैंगस्टर आमने-सामने आ गए हैं। मर्डर की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के लेने पर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी भड़क गया और उसे बेगैरत बताया। उसने कहा कि निहत्थे को निशाना बनाना किसी दिलेर या गैंगस्टर का काम नहीं है। क्या तू सूरमा बन गया।
शहजाद भट्टी ने गोल्डी ढिल्लों से पूछा कि वह कब से पंजाब का सगा हो गया। पंजाब में चिट्टा-हथियार बेचने वाला और मेहनत से कारोबार खड़े करने वाले कारोबारियों से फिरौती मांगने वाला व्यक्ति पंजाब का हितैषी कैसे हो सकता है।
3 अक्टूबर को सरेबाजार गोली मारकर मैड संधू की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने एक पोस्ट कर मैड संधू की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। उसने पोस्ट में लिखा था कि ये हमारी नई पीढ़ी को खराब कर रहा है। बाकी जो भी इस तरह के लोग टिकटॉक पर गंदगी फैला रहे हैं और जो इन्हें प्रमोट कर रहे हैं, वे भी अपनी तैयारी कर लें।
- गोल्डी ढिल्लों पंजाब का सगा कब से हो गया: पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने वीडियो जारी कर कहा कि यह पंजाब का एक लड़का था, मैड संधू। इसका कत्ल कर दिया गया और इसकी जिम्मेदारी गोल्डी ढिल्लों ने ली है। वह कहता है कि यह पंजाब का माहौल खराब कर रहा था और आने वाली पीढ़ियों को गलत चीजें सिखा रहा था। मुझे यह बात बता गोल्डी ढिल्लों, तू कब से पंजाब का सगा हो गया? पंजाब में चिट्टा तू बेचता है, हथियार तू बेचता है, फिरौती तू मांगता है।
- निहत्थे को मारकर तू सूरमा बन गया: डॉन ने कहा कि जो लोग मेहनत करके कारोबारी बने हैं, उनसे फिरौती मांगता है। निहत्थे को मारकर समझ रहा है कि तू सूरमा बन गया। तू बहुत बड़ा गैंगस्टर बन चुका है, तूने बहुत बड़ा काम किया है। यह बेहद बेगैरती वाला काम है। ठीक है, तेरे ऊपर शहजाद भट्टी की तरफ से लानत है। तू गैंगस्टरों और दिलेर लोगों का नाम खराब कर रहा है। ठीक है, तुझे लगता है कि तू अपना समय भूल गया।
- तुझे जर्मनी में मेरे बंदों ने जूते मारे थे: उसने कहा कि मुझे बहुत अच्छे तरीके से पता है कि जब तुझे जर्मनी में मेरे बंदों ने जूते मारे थे, तब तू अपना मोबाइल और सारा सामान उस कमरे में छोड़कर भाग गया था, जो कमरा तुझे वहां सरकार की तरफ से मिला था। उसके बाद तूने ब्राजील में समय बिताया। हालांकि तेरी इतनी औकात नहीं थी कि मैं वहां आऊं, फिर भी मैं तुझे देखने आया था कि तू कितना बड़ा गैंगस्टर है। तू उस मुल्क में भी नहीं रहा था। फिर ब्राजील में तेरी हवा भी हमें नजर नहीं आई।
- किसी मर्द के साथ मुकाबला कर: डॉन ने कहा कि पहले तू लॉरेंस के टुकड़ों पर पलता रहा और आज भी किसी के टुकड़ों पर पल रहा है। ठीक है, किसी मर्द के साथ मुकाबला कर, तुझे पता लगेगा कि गैंगस्टर क्या होते हैं। ऐसा नहीं है कि कमरों में बैठकर तुम निहत्थों को, जिनका बदमाशी या गैंगस्टरी से कोई लेना-देना ही नहीं है, उन्हें निशाना बनाओ। उसकी अपनी एक जिंदगी थी। अल्लाह ने उसे ऐसा बनाया था। अगर तुझे इतना ही मसला था तो पहले अपने आप को सुधार।
- कमरे से पैर रखने से पहले 50 बार सोचते हैं: भट्टी ने कहा कि पहले अपने गिरेबान में झांक कि तू क्या चीज है और तूने पंजाब को क्या दिया है। जितने भी पंजाब के लोग या इंडिया पंजाब के लोग हैं, यह तुम्हारे लिए भी मैसेज है। ऐसे गैंगस्टरों से घबराने की जरूरत नहीं है। ये इतने बड़े गैंगस्टर होते हैं कि बाहर कमरे से पैर रखने से पहले 50 बार सोचते हैं कि हम जाएं या न जाएं। सिर्फ फोन पर गैंगस्टर हैं। ऐसे ही जो व्यक्ति वायरल होता है, उसे मारते हैं। इनके पास इसके अलावा कोई मकसद नहीं होता।
- तूने बेहद बेगैरती वाला काम किया है: उसने कहा कि कोई यह नहीं कहता कि हमने पंजाब के लिए कुछ किया। बाद में पोस्ट डाल दी। ठीक है, उन्हें पता है कि वह बेचारा एक गरीब आदमी था। उसे मारकर सोचते हैं कि न कोई बड़ा केस होगा और एक बार मीडिया में हमारी बल्ले-बल्ले हो जाएगी। तूने बेहद बेगैरती वाला काम किया है। इंशाअल्लाह, जब हमारा तेरा सामना होगा, तो तेरी सलवार गीली होगी, इंशाअल्लाह।
मैड संधू की हत्या कैसे हुई, जानिए…
कार वॉश के लिए खड़ी कर गया था चश्मदीद के मुताबिक, मैड संधू पहले अपनी कार वॉश के लिए खड़ी कर गया था। बाद में दो लड़कियां उसे कार वापस ले जाने के लिए छोड़ने आईं। इसी दौरान बाइक पर दो युवक पहुंचे। एक बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दूसरा मैड संधू के पास गया और गोलियां चला दीं। करीब 4-5 राउंड फायरिंग हुई, जिनमें से दो गोलियां मैड संधू को लगीं। उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई।
पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची चश्मदीद ने यह भी बताया कि पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें मैड संधू सड़क पर खून से लथपथ पड़ा दिखाई दे रहा है। उसके साथी उसे उठाते नजर आते हैं। सड़क पर गोलियों के खोल भी पड़े दिख रहे हैं।