यमुनानगर के प्रतापनगर क्षेत्र के गांव भुड़कला के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 31 वर्षीय अमन की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमन बाइक समेत सड़क पर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के समय उसका ममेरा भाई अवनीश भी दूसरी बाइक पर पीछे चल रहा था। उसने अपनी आंखों के सामने दुर्घटना होते देखी। हादसे के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर के नंबर के आधार पर अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यूपी से मामा के घर आया हुआ था अमन
शिकायत में गांव बल्लेवाला निवासी अवनीश ने बताया कि उसका ममेरा भाई अमन पुत्र कुलबीर निवासी कांसेपुर (सहारनपुर) उनके घर आया हुआ था। अमन बल्लेवाला स्थित बाला सुंदरी स्टोन क्रशर पर नौकरी करता था। सोमवार देर शाम को दोनों अपने निजी काम से खिजराबाद जाने के लिए घर से निकले थे। अमन अपनी बाइक नंबर पर आगे चल रहा था, जबकि वह अपनी बाइक पर उसके पीछे था।
जब वे गांव भुड़कला के पास पहुंचे, तो सामने से तेज रफ्तार में ट्रैक्टर-ट्राली आ रही थी। आरोप है कि ट्रैक्टर ड्राइवर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए अमन की बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अमन सड़क पर गिर गया। उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर फरार
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ट्रैक्टर ड्राइवर भी वाहन छोड़कर वहां आया, लेकिन कुछ देर बाद फरार हो गया।सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। सरकारी एम्बुलेंस की मदद से अमन के शव को सिविल अस्पताल यमुनानगर के डेड हाउस में रखवाया गया।
केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रताप नगर प्रभारी रोहतास ने बताया कि पुलिस ने अवनीश के बयान पर ट्रैक्टर के अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ड्राइवर की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं शव का आज मंगलवार को पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंपा दिया जाएगा।