कुरुक्षेत्र में ट्राले के पीछे घुसी पिकअप, ड्राइवर की मौत:गाड़ी काटकर 45 मिनट बाद निकाला बाहर, अस्पताल में तोड़ा दम

कुरुक्षेत्र जिले के स्टेट हाईवे-6 (लाडवा-रादौर) पर मथाना पावर हाउस के पास तेज रफ्तार ट्राले ने आगे चल रही पिकअप के सामने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पिकअप ट्राले के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर अरुण कुमार (38) अंदर फंस गया।

उसे बाहर निकालने के लिए पिकअप को काटना पड़ा। आधे-पौने घंटे की मशक्कत के बाद अरुण को बाहर निकाला गया और उसे अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया। अरुण यमुनानगर के ककडोनी गांव का रहने वाला था और ड्राइवरी करता था।

यमुनानगर के लिए चला अरुण

विक्रम (33) निवासी ककडोनी ने पुलिस को बताया कि हादसा कल रात को हुआ। उसका बड़ा भाई अरुण पिपली से अपनी पिकअप लेकर यमुनानगर जा रहा था। मथाना पावर हाउस के पास तेज रफ्तार ट्राला आया। ड्राइवर ने अरुण की पिकअप को ओवरटेक कर लिया। इसके बाद पिकअप के सामने अचानक ब्रेक लगा दिए।

अरुण ने भी पिकअप के ब्रेक लगाए, लेकिन तब तक गाड़ी ट्राले के पिछले हिस्से के अंदर घुस चुकी थी। टक्कर के बाद ड्राइवर ट्राला छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। ये घटना उसके सामने ही हुई, क्योंकि वो अपने भाई के पीछे कैंटर लेकर चल रहा था।

पिकअप में फंसा रहा अरुण

हादसे में पिकअप का अगला हिस्सा ट्राले के पिछले हिस्से में घुस गया था। अरुण अंदर फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए पिकअप को काटना पड़ा। एंबुलेंस से अरुण को LNJP अस्पताल कुरुक्षेत्र पहुंचाया गया। यहां अस्पताल में डॉक्टरों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया।

अरुण की बेटी रह गई अकेली

अरुण की पत्नी मनीषा की करीब ढाई साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार में अब उसकी 13 साल की बेटी तमन्ना है, जो 9वीं क्लास में पढ़ती है। अरुण की मौत के बाद बेटी के सिर से पिता का साया भी उठ गया। अरुण दो भाइयों और दो बहनों में बड़ा था।

ट्राला ड्राइवर के खिलाफ केस

थाना सदर थानेसर में तैनात जांच अधिकारी ASI सुरेंद्र कुमार ने बताया कि देर रात हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस LNJP अस्पताल पहुंची। पुलिस ने विक्रम के बयान पर ट्राला नंबर (RJ 47 GA 1535) के अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।