जींद में गाड़ी की टक्कर से कार पेंटर की मौत:काम पर जाते वक्त हादसा; 3 बहनों का इकलौता भाई

जींद के नरवाना-धनोरी रोड पर बेलरखां के पास सड़क हादसे में सुंदरपुरा गांव के कार पेंटर संदीप की मौत हो गई। 3 अक्टूबर को वह बाइक से धनोरी काम पर जा रहा था। इसी दौरान एक निजी स्कूल के सामने राजस्थान नंबर के वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद राहगीरों की मदद से घायल संदीप को नरवाना के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। संदीप की मौत की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया।

मृतक तीन बहनों का इकलौता भाई था और अविवाहित था। नरवाना सदर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पिता की शिकायत पर वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राजस्थान नंबर के वाहन ने मारी टक्कर

सुंदरपुरा निवासी दलबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा था। बेटा संदीप कार पेंटर का काम करता था। 3 अक्टूबर को वह मोटरसाइकिल से धनोरी काम पर जा रहा था।

हाईवे-52 पर बेलरखां के पास एक निजी स्कूल के सामने राजस्थान नंबर के वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे।

ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज, तलाश जारी

घायल संदीप को नरवाना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

पिता की शिकायत पर वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी रमेश ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस चालक की तलाश कर रही है।