रायसेन में व्यापारी के ऑपरेटर और उसके साले को गिरफ्तार किया गया है। पहचान उजागर होने के डर से दोनों ने अकाउंटेंट की आंखें फोड़ दीं और ईंट से सिर पर वार किया।
वारदात के बाद मुख्य आरोपी शिवा गौर घायल अकाउंटेंट को व्यापारी के परिजनों के साथ भोपाल के अस्पताल लेकर पहुंचा। सुबह उसकी लाल आंखें और लौटते समय गाड़ी में सो जाना व्यापारी के शक की वजह बना।
दरअसल, रायसेन की कृषि उपज मंडी में व्यापारी मनोज राठौर की फर्म में 15 लाख रुपए की लूट हो गई थी। आरोपियों ने अकाउंटेंट पदम सिंह पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी शिवा गौर व्यापारी के यहां पिछले डेढ़ साल से ऑपरेटर का काम कर रहा था। उसने अपने साले घनश्याम कीर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पहचान उजागर होने पर चेहरा कुचल दिया था
आरोपियों ने वारदात के दौरान अकाउंटेंट पदम सिंह को पहचान लिया था। पहचान उजागर होने के डर से दोनों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। ईंट से सिर पर वार कर उनकी आंखें फोड़ दीं और चेहरा कुचल दिया।
लाल आंखें देकर व्यापारी को हुआ शक
वारदात के बाद मुख्य आरोपी शिवा गौर घायल अकाउंटेंट को व्यापारी के परिजनों के साथ भोपाल के नर्मदा अस्पताल लेकर पहुंचा। सुबह शिवा की लाल आंखें और लौटते समय गाड़ी में सो जाना व्यापारी को खटका। इसके बाद परिजनों ने CCTV फुटेज में संदिग्धों की चाल-ढाल और कद-काठी से शिवा की पहचान की। पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अकाउंटेंट ने आरोपियों को पहचान लिया था वारदात के दौरान अकाउंटेंट पदम सिंह ने आरोपियों को पहचान लिया था। इसी डर से दोनों ने उनके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उन्हें फर्म के अंदर बनी दुकान में खींचकर ले गए। यहां दीपावली पूजन के दौरान हवन के लिए बनाई गई आकृति में लगी ईंट निकालकर उनके सिर पर वार किया और आंखें फोड़ दीं।
15 लाख रुपए लूटे, लोहे की रॉड से तोड़ा कांच
व्यापारी मनोज राठौर के मुताबिक, घटना के समय फर्म से 15 लाख रुपए नकद लूटे गए थे। दोनों आरोपी जीजा-साले नकदी लेकर फरार हो गए थे वारदात के लिए आरोपियों ने पहले लोहे की रॉड से खिड़की का कांच तोड़ा। इसके बाद गेहूं की बोरियां हटाकर अंदर प्रवेश किया। उस समय अकाउंटेंट पदम सिंह वहीं सो रहे थे।
आहट होने पर उनके और आरोपियों के बीच हाथापाई हुई। इसके बाद आरोपियों ने पदम सिंह को बेरहमी से पीटा और फर्म के अंदर बनी दुकान में ले गए। वहां हवन के लिए रखी ईंट से उनके सिर पर वार किया और आंखें फोड़ दीं।
डेढ़ साल से फर्म में काम कर रहा था शिवा जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी शिवा गौर पिछले करीब डेढ़ साल से व्यापारी की फर्म में ऑपरेटर का काम कर रहा था। उसने अपने साले घनश्याम कीर को भी लूट की साजिश में शामिल कर लिया था। दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
व्यापारी और परिजनों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की। आरोपियों के घर के पास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली गई। इसमें घटना वाले दिन शिवा गौर उर्फ सेवक गौर के घर से आते-जाते दिखाई देने की जानकारी सामने आई।
अवंतिका कॉलोनी से दोनों गिरफ्तार पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को रायसेन के वार्ड नंबर 13 स्थित अवंतिका कॉलोनी से गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी शिवा गौर उर्फ सेवक गौर मूल रूप से वनगवां का निवासी है। वह फिलहाल अवंतिका कॉलोनी में रह रहा था। दोनों आरोपियों को रायसेन के कोतवाली थाने में रखा गया है।
3 नवंबर को खुद बंद किए थे कैमरे व्यापारी मनोज राठौर ने बताया कि उनके ऑपरेटर शिवा गौर ने करीब 3 नवंबर को खुद ही फर्म के कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए थे। इसके बाद कमरे में रिकॉर्डिंग नहीं हो पा रही थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जाते समय दरवाजे और कैमरों को चेक कर रहे थे कि कहीं घटना की रिकॉर्डिंग तो नहीं हो गई। व्यापारी के अनुसार उन्हें पहले दिन से ही कर्मचारी शिवा पर शक था। घटना के बाद जब उन्होंने उसे फोन कर बुलाया तो वह तत्काल आ गया, लेकिन उस समय उसकी आंखें लाल थीं। परिजनों को लगा कि वह रातभर सोया नहीं है।
इसके बाद शिवा घायल मुनीम पदम सिंह को लेकर अस्पताल पहुंचा। वापस आते समय वह गाड़ी में ही सो गया। व्यापारी के अनुसार जिस रस्सी से मुनीम के हाथ-पैर बांधे गए थे, वह भी गाड़ी में शिवा के पैरों के पास पड़ी मिली थी। रास्ते में उसने रस्सी को गिराने की कोशिश की, लेकिन व्यापारी के बेटे ने उसकी यह गतिविधि देख ली। इन संदिग्ध हरकतों के बारे में व्यापारी और उनके परिजनों ने पुलिस को शुरुआत में ही बता दिया था।
फुटेज में चाल और चप्पल से हुई पहचान मनोज राठौर ने बताया कि उन्होंने सीसीटीवी फुटेज में शिवा गौर और उसके साले घनश्याम को देखा था। फुटेज को उन्होंने आरोपियों से आमने-सामने मिलाकर देखा और कई बार अलग-अलग बहाने से चलवाया। इस दौरान वीडियो में दिख रही चाल शिवा से मेल खा गई। इतना ही नहीं, घटना के दिन आरोपी ने जो चप्पल पहनी थी, उसे भी व्यापारी ने पहचान लिया। यह वही चप्पल थी, जिसे पहनकर शिवा अक्सर फर्म पर आता था।
500 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी चंद्रशेखर सोलंकी और डीआईजी वीरेंद्र कुमार सिंह खुद रायसेन पहुंचे थे। डीआईजी ने दो दिन रायसेन में रुककर जांच की निगरानी की।
पांच जिलों के थाना प्रभारियों और पांच राजपत्रित अधिकारियों सहित 60 से ज्यादा पुलिसकर्मी जांच में जुटे थे। एसडीओपी आकांक्षा तलैया और कोतवाली थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने भी जांच में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस ने अलग-अलग स्थानों के 500 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले। मंडी गेट के कैमरों में घटना वाली रात मुंह पर काला कपड़ा बांधे दो संदिग्ध नजर आए थे। इन्हीं फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।