हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार को लेकर राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र हुड्डा लगातार वोट चोरी के आरोप लगाते रहे हैं। अब बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स के बयान ने पार्टी के भीतर नई बहस छेड़ दी है। एक इंटरव्यू में विधायक ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस को जनता ने नहीं, बल्कि कांग्रेसियों ने ही हराया है।
कुलदीप वत्स ने दावा किया कि हरियाणा की 17 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की हार की वजह पार्टी के नेताओं की आपसी गुटबाजी और तालमेल की कमी रही। उन्होंने कहा कि टिकट के लिए आवेदन मंगवाने की प्रक्रिया ने भी पार्टी में गुटबाजी बढ़ाई और इसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ा।
उनके बयान के मुताबिक, पार्टी के भीतर नेताओं के बीच आपसी खींचतान और तालमेल की कमी ने चुनाव में कांग्रेस की संभावनाओं को नुकसान पहुंचाया।
आपसी तालमेल की कमी को बताया हार की वजह
कांग्रेस के शीर्ष नेता जहां हरियाणा में वोट चोरी को चुनावी हार की वजह बताते रहे हैं, वहीं पार्टी विधायक ने नेताओं के आपसी तालमेल की कमी को जिम्मेदार ठहराया है। उनके बयान ने राहुल गांधी, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा के वोट चोरी अभियान के बीच पार्टी की हार के कारणों पर नई चर्चा शुरू कर दी है।
ब्राह्मणों को कम टिकट देना पतन का कारण
कुलदीप वत्स ने कांग्रेस के पतन की एक वजह ब्राह्मण समाज को कम टिकट देना भी बताया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से भी बात की थी।
वत्स के मुताबिक, उन्होंने हुड्डा से कहा था कि यह भ्रम और अहम नहीं रखना चाहिए कि ब्राह्मणों के बिना हरियाणा में सत्ता हासिल की जा सकती है।