कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में ड्रग्स के साथ पकड़े गए आरोपी ने गिरफ्तारी से पहले ही अपने घर में ड्रग्स छिपा दी। बीती रात पुलिस उसके घर पर रेड की। करीब एक घंटे की तलाशी के बाद उसके घर से 8 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
लवकुश नगर के रहने वाले आकाश को पुलिस ने पहले भी हेरोइन के साथ पकड़ा था। आरोपी से पूछताछ में घर में नशा छिपाकर रखने की बात सामने आई। पुलिस आज आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी।
पूछताछ में बोला- घर भी रखी हेरोइन
थाना शाहाबाद के SHO सुरेंद्र सिद्धू ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने आकाश को 7 ग्राम से ज्यादा हेरोइन के साथ पकड़ा था। गुप्त सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया और आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी आकाश ने कबूल किया कि उसने अपने घर पर भी हेरोइन छुपा रखी है। पता चलने पर टीम ने आरोपी को साथ लेकर कल रात उसके घर पर रेड कर दी।
तलाशी में मिली 8 ग्राम हेरोइन
करीब एक घंटे तक आरोपी के घर की तलाशी ली गई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घर से 8 ग्राम हेरोइन बरामद की। टीम ने आरोपी की बताई जगह के अलावा घर में और भी जगह की तलाशी ली।
3 लाख से ज्यादा की कीमत
पुलिस को आरोपी की बताई जगह के अलावा अलग-अलग जगह पर ड्रग्स छुपाकर रखने का शक था। आरोपी आकाश से पुलिस को करीब 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय मार्केट में इसकी कीमत 3 लाख रुपए से ज्यादा है।
अब रिमांड पर पूछेगी कहां से लाता था चिट्टा
सुरेंद्र सिद्धू ने बताया कि आकाश के खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। आज उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। पुलिस उससे जुड़े नेटवर्क की तलाश कर रही है।