रेवाड़ी में मुनाफे का झांसा देकर ₹1.41 करोड़ की ठगी:DMA अकाउंट खुलवाया, 10 लाख मांगी फीस; निवेश की रकम निकालने पर खुलासा

रेवाड़ी शहर में शेयर बाजार में निवेश कर मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1 करोड़ 41 लाख 50 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित प्रवीण कुमार ने BP Wealth कंपनी में DMA अकाउंट खुलवाकर शेयर खरीदने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की थी। जब उसने निवेश की रकम निकालने के लिए रिक्वेस्ट डाली तो कंपनी की ओर से 10 लाख रुपए प्रोसेसिंग फीस मांगी गई।

इतनी बड़ी रकम की मांग होने पर प्रवीण को शक हुआ। उसने कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया तो उसे धोखाधड़ी होने की जानकारी मिली। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना रेवाड़ी में 26 नवंबर को BNS की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया गया है।

सोनी दांडू नाम के व्यक्ति से हुई थी बातचीत

प्रवीण कुमार निवासी बल्लूवाड़ा, रामगली, बाराहजारी रेवाड़ी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने BP Wealth कंपनी में DMA अकाउंट खुलवाया था। इसके लिए उसकी बातचीत सोनी दांडू नामक व्यक्ति से हुई थी। शिकायत के अनुसार, संबंधित लोगों ने शेयर खरीदने के नाम पर उससे अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करवाई।