व्यायाम रोज करो या सिर्फ वीकेंड में, ज्यादा फर्क नहीं:दोनों ही तरह के लोग कसरत न करने वालों के मुकाबले ज्यादा जीते हैं

व्यायाम बेशक अच्छी सेहत हासिल करने का रामबाण नुस्खा है। इसे लेकर आपको अक्सर सलाहें भी मिलती होंगी। जैसे दिनभर बैठे-बैठे काम करते हैं तो रोज ऐसा करें, वजन कम करने के लिए फलां व्यायाम करें या संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए रोज अलग-अलग एक्सरसाइज करें। साथ में यह भी बताया जाता है कि रोज इतने घंटे तो व्यायाम करना ही चाहिए। व्यायाम संबंधी ये सिफारिशें हजारों लोगों के औसत डेटा से जुटाई गई होती हैं और ये अधिकांश लोगों पर अच्छी तरह कारगर भी होती हैं।

18 साल में 3.5 लाख लोगों पर हुआ सर्वे

अक्सर लोग सभी सिफारिशों को अपनाने की कोशिश भी करते हैं, लेकिन व्यायाम करने से जुड़ी दुनियाभर के लोगों की समस्या यह है कि इसके लिए समय नहीं मिलता। ऐसे ही लोगों के लिए एक खुशखबरी है। वैज्ञानिकों ने अमेरिका के नेशनल हेल्थ इंटरव्यू सर्वे के जरिए 1997 से 2013 के बीच 3.5 लाख से ज्यादा लोगों का डेटा जुटाया।

ब्राजील की फेडरल यूनिवर्सिटी के एक्सरसाइज फिजियोलॉजी रिसर्चर ने इन आंकड़ों में एक ही तथ्य खोजा: यदि आप हर हफ्ते सिफारिश के अनुसार शारीरिक गतिविधि और पर्याप्त व्यायाम कर रहे हैं तो क्या इससे कोई फर्क पड़ता है कि आप इस व्यायाम को हफ्ते के आखिरी दो दिन में कर लें?

दोनों तरह के लोगों की सेहत में ज्यादा अंतर नहीं

शोध की लेखिका माउरिसिओ डोज सांटोस के मुताबिक, हमने रोज मध्यम से कठोर व्यायाम करने वाले लोगों और सप्ताह के अंत में व्यायाम करने वाले लोगों की सेहत में बहुत कम अंतर पाया। दोनों तरह के लोगों में सभी कारणों से मौत का जोखिम कम पाया गया, खासकर कैंसर और हृदय रोग के मामले में।

सांटोस सुझाव देती हैं कि समान मात्रा की शारीरिक गतिविधि को ज्यादा दिनों में किया जाए या इसे कुछ सीमित दिनों में समेट दिया जाए, इससे मृत्यु दर प्रभावित नहीं होती। इस बारे में चिंता करने के बजाय कि आपको कितनी बार या कब व्यायाम करना चाहिए, आपको यह सुनिश्चित करना है कि आप हर सप्ताह बताई गई शारीरिक गतिविधि को पूरा करने की कोशिश करें। तभी आपके शरीर में व्यायाम के फायदे सबसे स्पष्ट रूप से दिखते हैं।

हफ्ते में कितने मिनट का व्यायाम जरूरी?

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की गाइडलाइन कहती है कि वयस्कों को हर हफ्ते 150-300 मिनट की मध्यम शारीरिक गतिविधि या 75-150 मिनट का कठोर व्यायाम करना चाहिए। ताजा रिसर्च के नतीजे बताते हैं कि जो लोग शारीरिक गतिविधि करते हैं, चाहे हफ्ते के अंत में हो या राेज, वे निष्क्रिय लोगों की तुलना में ज्यादा जीते हैं।