थ्रेसर में फंसी युवती, हाथ कटकर जमीन पर गिरे, मौत:बेल्ट और पुली के बीच में आया पूरा शरीर, दो महीने बाद होनी थी शादी

अलवर जिले में थ्रेसर में फंसने से युवती की मौत हो गई। बाजरा निकलवाते समय युवती थ्रेसर की बेल्ट की चपेट में आ गई। उसके दोनों हाथ कटकर जमीन पर गिर गए। हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई। दो महीने बाद युवती और उसकी दो बहनों की शादी होने वाली थी।

मामला गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के भैंसडावत गांव की रविवार दोपहर 2:45 बजे की है। युवती सपना (18) हवा से बार-बार उड़ रहे तिरपाल को ठीक करने की कोशिश कर रही थी तभी वह थ्रेसर की चपेट में आ गई। घर में शादी की तैयारी चल रही थी। बेटी की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थ्रेसर के नीचे बिछाया तिरपाल उड़ रहा था

पुलिस ने बताया-भैंसडावत निवासी तुलसीराम सैनी रामबास मार्ग पर अपने खेत में ट्रैक्टर और थ्रेसर से रविवार को परिवार के साथ बाजरा निकाल रहे थे। तुलसी राम थ्रेसर पर खड़े होकर बाजरा की भुट्टों को थ्रेसर में डाल रहे थे। पत्नी, दो बेटियां और बेटा भुट्टे लेकर आ रहे थे। जबकि तीसरी बेटी सपना थ्रेसर से निकला बाजरा उठा रही थी।

बाजरा निकालते समय थ्रेसर के नीचे बिछा तिरपाल हवा से बार-बार उड़ रहा था। तिरपाल को उड़ता देख सपना उसे ठीक करने के लिए आगे बढ़ी, इसी दौरान वह अचानक थ्रेसर की बेल्टों की चपेट में आ गई। सपना का पूरा शरीर बेल्ट और पुली के बीच फंस गया। उसके दोनों हाथ कटकर जमीन पर गिर गए। सपना की मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

दो महीने बाद शादी होनी थी

ग्रामीण बृजेश सैनी ने बताया- सपना और उसकी दो बड़ी बहनों की देवउठनी एकादशी को दो महीने बाद शादी होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार के लोग खेती करते हैं। तुलसीराम के सपना के अलावा 3 बेटी और एक बेटा है। सपना तीसरे नंबर की थी।