एटा में सोमवार रात पति ने अपने पिता के साथ मिलकर पत्नी और सास की हत्या कर दी। आरोपी ने अपने तीन बच्चों के सामने ही दोनों के सिर और चेहरे पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार किए। उनका सिर बुरी तरह कूच दिया। आंखें फोड़ डालीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लाशों को चारपाई पर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल में ही रहता था। 2 दिन पहले उसका पिता उनसे मिलने आया था। रात करीब साढ़े 12 बजे दोनों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। दोनों के भागने के बाद आरोपी का बेटा खुद थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
डबल मर्डर की सूचना पर एसएसपी डॉ. इलामारन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए फॉरेंसिक, डॉग स्क्वायड और एसओजी की टीमों को बुलाया। पुलिस ने मौके पर मौजूद बच्चों के बयान दर्ज किए। बड़ी बेटी ने बताया, “पापा और बाबा ने हमारे सामने ही मम्मी और नानी को मार डाला।”
मृतकों की पहचान कमला देवी (65) और उनकी बेटी प्रियंका (40) के रूप में हुई है। वारदात जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर अवागढ़ थाना क्षेत्र के यादव नगर मोहल्ले की है।
5 साल से परिवार के साथ ससुराल में रह रहा था आरोपी यादव नगर मोहल्ले के रहने वाले रुकुमपाल (43) पुत्र सियाराम मूल रूप से फिरोजाबाद के थाती गदनपुर का रहने वाला है। 6 भाईयों में चौथे नंबर पर है। 5 साल से पत्नी, 2 बेटे और 2 बेटियों के साथ अपनी ससुराल अवागढ़ के यादव नगर मोहल्ले में सास कमला देवी के साथ रह रहा था। उनकी खेती-बाड़ी संभालकर घर का खर्च चलाता था। परिवार में पत्नी प्रियंका के अलावा चार बच्चे हिमांशु (22), कल्पना (18), राहुल (13) और सपना (10) हैं।
बेटी ने बताई आंखों-देखी, सोते वक्त हमला किया बेटी कल्पना ने बताया- सोमवार सुबह पापा-मम्मी में झगड़ा हुआ था। इसके बाद पापा किसी काम से शहर चले गए। रात को वो लौटकर आए तो फिर से दोनों में झगड़ा हुआ। रात को मम्मी और नानी घर के गेट के पास चारपाई पर सो गईं। हम चारों लोग अंदर कमरे में सो रहे थे। अचानक शोर मचा। बाहर आकर देखा तो पापा और बाबा मां और नानी को मार रहे थे।
छोटी बेटी बेहोश हुई, भाई ने थाने जाकर पुलिस बुलाई उसने बताया कि पापा और बाबा के साथ गांव का एक और आदमी था। पापा के हाथ में हथौड़ा था। जबकि, बाबा के हाथ में लोहे का हथियार था। हम लोग ये देखकर डर गए। छोटी बहन बेहोश होकर गिर गई। मैं उसे संभालने लगी। इसी बीच सभी लोग घर से भाग गए। छोटा भाई राहुल भागकर 3 किमी दूर थाने पहुंचा। पुलिस को पूरा मामला बताया। तब जाकर पुलिस मेरे घर आई।
इकलौती बेटी थी, बड़ा बेटा शहर में काम करता है कल्पना ने बताया – मेरी मां नानी की इकलौती बेटी थीं। इसलिए हम लोग उनके ही साथ रहते हैं। नाना की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। बड़ा भाई बाहर काम करता है।
आरोपी का भाई बोला- पत्नी के चरित्र पर शक था आरोपी रुकुमपाल के बड़े भाई प्रेमपाल वारदात की सूचना के बाद फिरोजाबाद से एटा पहुंचे। उनका कहना है कि मेरे भाई का पत्नी से लंबे समय से झगड़ा होता आ रहा था। सुनने में आया है कि उसे पत्नी के कैरेक्टर पर शक था। पिता हम लोगों के साथ ही रहते हैं। 2 दिन पहले ही वो रुकुमपाल के पास आए थे।
ASP श्वेताभ पांडे ने बताया-
मां और बेटी की हत्या का मामला सामने आया है। आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। बच्चों ने पूरी वारदात के बारे में बताया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।