बारां के नाहरगढ़ में वनकर्मियों से मारपीट के आरोप में पुलिस भगत सिंह सेना के प्रमुख नरेश मीणा की तलाश कर रही है। मंगलवार (3 नवंबर) सुबह पुलिस नरेश मीणा के नया गांव (बारां) में उनके घर भी पहुंची।
अचानक घर में सर्च से नरेश मीणा के पिता कल्याण सिंह मीणा पुलिस अधिकारियों पर भड़क गए। उनका कहना था कि इस तरह की सर्च से परिवार दहशत में है।
वहीं, सोमवार रात को नरेश मीणा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया। जिसमें उन्होंने कहा था कि- वे गांव में ही हैं, पुलिस चाहे तो उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।
मंगलवार सुबह एक और पोस्ट किया गया, जिसमें नरेश मीणा 6 नवंबर को गिरफ्तारी देने की बात कह रहे हैं।
बारां पुलिस अधीक्षक को दिया था चैलेंज
वनकर्मियों से मारपीट के आरोप में नरेश मीणा के समर्थकों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया था। इसके बाद नाहरगढ़ थाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन-नारेबाजी की।
इसके बाद सोमवार देर रात नरेश मीणा ने बारां पुलिस अधीकक्ष को चैलेंज दिया कि, पुलिस गांव आ सकती है, मैं भगौड़ा नहीं हूं।
इसके बाद नरेश मीणा घर से गायब हो गए। मंगलवार सुबह पुलिस ने उनके घर व आसपास के एरिया में सर्च किया।
सीओ पर भड़के नेता के पिता, बोले-
पुलिस के अचानक भारी बल के साथ घर पहुंचने पर मीणा के पिता और अन्य परिजनों ने विरोध जताया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें परिजन पुलिस सर्च का विरोध कर रहे हैं।
परिजनों का कहना था कि पुलिस अचानक घर पहुंची, जिससे परिवार में दहशत का माहौल बन गया। उनके पिता ने कहा कि घर में बहन-बेटियां और बुजुर्ग रहते हैं।
ऐसे में अचानक घर में प्रवेश करना उचित नहीं है। इस पर पुलिस अधिकारी ने जवाब दिया कि अपराध होने पर पुलिस अचानक भी पहुंचती है।
पिता बोले- कानून की भी अपनी गरिमा होती है
नरेश मीणा के पिता ने पुलिस अधिकारियों ने कहा -आखिर ऐसा कौन सा अपराध हो गया कि पुलिस इस तरह पहुंच गई? पुलिस अधिकारी ने उन्हें मारपीट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोपों का हवाला दिया। पुलिस अधिकारियों ने नरेश मीणा को बुलाने की बात कही तो परिजनों ने कहा कि वे खुद आने की बात कह रहे हैं। इस पर पुलिस अधिकारी ने जवाब दिया कि वे अभी तक आए नहीं हैं।
वीडियों में नरेश मीणा ने क्या-क्या कहा?
पुलिस के गांव पहुंचने से पहले नरेश मीणा ने सोमवार रात सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया था। इसमें उन्होंने एसपी को संबोधित करते हुए कहा कि- वे अपने गांव नया गांव में ही मौजूद हैं और कहीं भागे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें गिरफ्तार करना है तो पुलिस गांव आ सकती है, वे उसका स्वागत करेंगे। उन्होंने एसपी से मानवता बरतने की अपील करते हुए कहा कि वे दिनभर से गांव में बैठे हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए कहीं नहीं जा रहे हैं।
गिरफ्तारी होने पर बेटे को सौंपी चुनाव की जिम्मेदारी
वीडियो में नरेश मीणा ने तीसरे चरण के चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने समर्थकों से हाथी चुनाव चिह्न पर वोट देने की अपील की।
साथ ही कहा कि यदि उनकी गिरफ्तारी होती है तो उनके बेटे अनिरुद्ध के साथ कमल राठौड़, स्नेहा धाकड़ और जैन जी चुनाव का नेतृत्व करेंगे।