PM नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को वैशाली के राजापाकर स्थित मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बिहारवासियों से इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि 21 नवंबर बिहार के लिए उत्सव का दिन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आ रहे हैं। उनके मन में बिहार के लोग बसते हैं, वहीं बिहार की जनता के मन में भी नरेंद्र मोदी हैं।
नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री ऐसे समय में बिहार आ रहे हैं, जब पूरा प्रदेश लोक आस्था के महापर्व छठ के उल्लास में डूबा हुआ है। यह बिहार की संस्कृति, परंपरा और आस्था का विशेष अवसर है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार से विशेष लगाव रहा है। जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब भी छठ महापर्व को विशेष महत्व देते थे। गुजरात में छठ की तैयारियों को लेकर वे स्वयं रुचि लेते थे और इस पर्व को उत्साह के साथ मनाते थे।
पीएम को खिलाएंगे छठी मइया का प्रसाद
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार आगमन पर उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जाएगा। उन्हें छठी मैया का प्रसाद भी खिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व बिहार की पहचान और यहां की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रधानमंत्री का इस पर्व के प्रति लगाव बिहार के लोगों के लिए भी विशेष महत्व रखता है।
लाखों लोगों की भागीदारी का लक्ष्य, पूरे परिवार को न्योता
नित्यानंद राय ने कहा कि राजापाकर में होने वाला यह क्षेत्रीय कार्यक्रम है। इसमें बिहार के लोगों को आने से नहीं रोका जाएगा। कार्यक्रम में लाखों लोगों की भागीदारी होनी चाहिए। इसके लिए बिहार के प्रत्येक परिवार को आमंत्रित किया जा रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार के साथ पहुंचें। यह आयोजन बिहार के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा और इसमें आम लोगों की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
सुरक्षा और व्यवस्था में जुटा जिला प्रशासन
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि प्रधानमंत्री के आगमन पर किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। बिहार की जनता का उत्साह और प्रधानमंत्री के प्रति प्रेम इस कार्यक्रम में दिखाई देगा।