सरपंच का चुनाव हारे कैंडिडेट को ग्रामीणों ने 71-लाख दिए:प्रत्याशी बोला-सोचा था साधु बनकर बैठूंगा, लेकिन अब सेवा भाव के साथ 5 साल संघर्ष करूंगा

बीकानेर जिले की साधुना ग्राम पंचायत में ग्रामीणों और समर्थकों ने सरपंच का चुनाव हारे प्रत्याशी को 71 लाख रुपए दिए और विजेता की तरह सम्मानित किया।

गुरुवार की शाम ग्राम पंचायत में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रामीणों और समर्थकों ने आपस में 71 लाख रुपए जुटा कर हारे प्रत्याशी मांगेराम डूडी को दिए। पारंपरिक साफा पहनाकर उनका हौसला बढ़ाया। लोगों के इस प्रेम को देखकर डूडी बोले-सोचा था साधु बनकर बैठूंगा, लेकिन अब पूरे सेवा भाव के साथ 5 साल संघर्ष करूंगा।

बीकानेर जिले की पांचू पंचायत समिति के साधुना ग्राम पंचायत में 16 नवंबर को चौथे चरण में हुए चुनाव में मांगेराम डूडी 474 वोटों से हार गए थे।

474 वोटों से हारे थे चुनाव

पंचायत चुनाव में 3,331 वोटरों ने मतदान किया था। इस दौरान प्रतिद्वंद्वी श्रवणराम को 1,853 और मांगेराम डूडी को 1,379 वोट मिले। तीसरे प्रत्याशी मुकेश भांभू को 46 वोट मिले। सात मतदाताओं ने नोटा का इस्तेमाल किया, जबकि 46 वोट खारिज हुए। चुनाव में मांगेराम डूडी को 474 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था।

डूडी बोले- पांच साल तक सेवा और संघर्ष करूंगा

सम्मान समारोह के दौरान मांगेराम डूडी ने कहा- मैंने घोषणा की थी कि अब कभी चुनाव नहीं लडूंगा। सोचा था अब साधु की तरह बैठ जाऊंगा। मगर आज आपने मुझे इतनी हिम्मत दी कि मैं आपके हितों के लिए दिन-रात खड़ा रहूंगा। अब संन्यास न लेकर सेवा का भाव रखकर पांच साल तक पूरी तरह से संघर्ष करूंगा। जब भी सरपंच के चुनाव आएंगे, मेरी पार्टी जो कहेगी वो मेरे सिर माथे होगा।

मांगेराम डूडी पेशे से वकील हैं। वे नोखा में प्रैक्टिस करते हैं।