नागौर जिले में दूल्हे की स्कॉर्पियो गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए। एक नाबालिग की मौके पर ही मौत हो गई। गाड़ी पर विधायक का पास लगा था।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी लोग गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मेड़ता सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को अजमेर के जिला हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। जहां एक नाबालिग को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मामला जिले मेड़ता सिटी खाखड़की के पास मंगलवार शाम 4 बजे का है। थानाधिकारी मुकेश वर्मा ने बताया- हादसे में सातलावास निवासी अनिल पुत्र नरसीराम जाट (16) की मौत हुई है। शव को मेड़ता हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
हादसे के बाद चालक और स्कॉर्पियो सवार फरार
मुकेश वर्मा ने बताया- स्कॉर्पियो में दूल्हा सवार था। टक्कर के बाद चालक और गाड़ी में मौजूद सभी लोग मौके से फरार हो गए।
स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर RJ 37 UA 5286 है। गाड़ी पर MLA का पास लगा है। जांच की जा रही है कि गाड़ी किस विधायक की है।
दो युवक गंभीर घायल, अजमेर रेफर
हादसे में बाइक सवार नरेश पुत्र राजूराम जाट (18) और आकाश पुत्र किशोरराम जाट (18), दोनों निवासी सातलावास, गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अजमेर रेफर किया गया है।
अनिल के पिता नरसीराम आटा चक्की चलाते हैं। शव को मेड़ता हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुटी है।