हरियाणा के नारनौल में बुधवार को बार एसोसिएशन के आह्वान पर वकीलों ने वर्क सस्पेंड रखा। इसके तहत वकीलों ने अदालती कामकाज का बहिष्कार किया। हालांकि विशेष मामलों में वकील कोर्ट में पेश हुए, लेकिन अन्य मामलों में सामान्य कोर्ट कार्यवाही नहीं हुई। इसके चलते कोर्ट में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और कई मामलों में उन्हें अगली तारीख लेनी पड़ी।
इससे पहले एक दिन अवकाश रहने के बाद बुधवार को वकीलों के वर्क सस्पेंड के कारण लगातार दूसरे दिन अदालती कामकाज प्रभावित रहा। अपने मामलों की सुनवाई के लिए अदालत पहुंचे लोगों को वकीलों के काम पर नहीं होने के कारण परेशानी हुई।
बार के प्रस्ताव को हाईकोर्ट में दी गई चुनौती
बार एसोसिएशन नारनौल के प्रधान एडवोकेट विजयपाल ने बताया कि बार के पूर्व प्रधान मंजीत यादव और सचिव के कार्यकाल के दौरान बार में एक प्रस्ताव पारित किया गया था। इस प्रस्ताव को एक व्यक्ति की ओर से चुनौती दी गई है। इससे संबंधित मामला फिलहाल पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में विचाराधीन है।
प्रधान विजयपाल के अनुसार, बार में पारित किया गया यह प्रस्ताव किसी एक व्यक्ति के निजी हित से जुड़ा नहीं था, बल्कि बार के सभी सदस्यों के लिए पारित किया गया था। ऐसे में इस प्रस्ताव को लेकर व्यक्तिगत तौर पर केस किया जाना उचित नहीं है।
पूर्व प्रधान और सचिव के समर्थन में लिया निर्णय
विजयपाल ने बताया कि हाईकोर्ट में चल रहे मामले में बार के पूर्व प्रधान और सचिव की मदद के लिए वकीलों ने वर्क सस्पेंड रखने का निर्णय लिया है। बार एसोसिएशन के आह्वान पर बुधवार को वकीलों ने कोर्ट कामकाज का बहिष्कार किया।
उन्होंने बताया कि वर्क सस्पेंड के दौरान कोर्ट में केवल विशेष मामलों में ही वकील पेश होंगे। इसके अलावा सामान्य मामलों में वकील कोर्ट कार्यवाही में हिस्सा नहीं लेंगे। इसके कारण जिन मामलों में बुधवार को सुनवाई निर्धारित थी, उनमें पक्षकारों को अगली तारीख दी गई।
बार एसोसिएशन के इस निर्णय से नारनौल की कोर्ट में सामान्य कामकाज प्रभावित रहा। हालांकि विशेष मामलों की सुनवाई के दौरान वकीलों की मौजूदगी रही।