अजमेर में किशनगढ़ में परिचित की बारात में शामिल होकर पुष्कर लौट रहे चाचा-भतीजे की सड़क हादसे में मौत हो गई। अजमेर-पुष्कर बायपास पर कायड़ तालाब की पुलिया के पास तेज रफ्तार कार ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि स्कूटर के परखच्चे उड़ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुष्कर के माली मोहल्ले में शोक छा गया।
जानकारी के अनुसार पुष्कर के माली मोहल्ला निवासी हुकमचंद दगदी (40) पुत्र पूनमचंद और यश दगदी (23) पुत्र त्रिलोकचंद आपस में चाचा-भतीजे थे। दोनों किशनगढ़ में एक परिचित की शादी में शामिल होने गए थे।
वहां से स्कूटर पर पुष्कर लौटते समय कायड़ तालाब की पुलिया के पास तेज रफ्तार कार ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
कार ड्राइवर की तलाश
हादसे की सूचना पर गेगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाए। पुलिस अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश कर रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में जान गंवाने वाला यश अविवाहित था, जबकि हुकमचंद शादीशुदा था। उसके परिवार में 16 साल का बेटा और एक छोटी बेटी है। बेटा दसवीं और बेटी छठी कक्षा में पढ़ती है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पुष्कर के माली मोहल्ले में मातम पसरा है।