रूस का कीव पर ईरानी ड्रोन से हमला:राजधानी में 3 जगह धमाके; 10 अक्टूबर को रूसी सेना ने 9 शहरों में दागी थीं 83 मिसाइलें

रूस और यूक्रेन की जंग 7 महीने बाद बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है। रूस ने सोमवार सुबह यूक्रेन की राजधानी कीव पर कामीकाजे ड्रोन से हमला किया है। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, तीन धमाकों की आवाज सुनाई दी है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति के चीफ ऑफ स्टाफ एंड्री यरमक ने कहा- राजधानी कीव के शेवचेनकिव्स्की जिले में रूसी सेना ने ईरान में बने कामीकाजे ड्रोन से हमला किया है। यहां रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

एक हफ्ते पहले 9 शहरों पर हमला किया था
इसके पहले रूस ने 10 अक्टूबर को राजधानी कीव समेत 9 शहरों पर 83 मिसाइलें बरसाई थीं। इसमें 12 लोग मारे गए थे। रूस ने ये बड़ा हमला कर्च ब्रिज पर हुए धमाके के बदले में किया था। 8 अक्टूबर को यूक्रेन ने रूस का कर्च ब्रिज उड़ा दिया था। ये ब्रिज रूस को क्रीमिया से जोड़ता है।

7 महीने बाद कीव पर हमले
24 फरवरी को शुरू हुई रूस-यूक्रेन जंग को 7 महीने हो गए हैं। जंग की शुरुआत में रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़े मिसाइल हमले किए थे। हालांकि, यूक्रेन की तरफ से कड़ी टक्कर मिलने के बाद अप्रैल में रूस ने कीव से सैनिक वापस बुला लिए थे। अब फिर कीव पर हमले शुरू कर दिए गए हैं।