रेवाड़ी शहर में शेयर बाजार में निवेश कर मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1 करोड़ 41 लाख 50 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित प्रवीण कुमार ने BP Wealth कंपनी में DMA अकाउंट खुलवाकर शेयर खरीदने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की थी। जब उसने निवेश की रकम निकालने के लिए रिक्वेस्ट डाली तो कंपनी की ओर से 10 लाख रुपए प्रोसेसिंग फीस मांगी गई।
इतनी बड़ी रकम की मांग होने पर प्रवीण को शक हुआ। उसने कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया तो उसे धोखाधड़ी होने की जानकारी मिली। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना रेवाड़ी में 26 नवंबर को BNS की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया गया है।
सोनी दांडू नाम के व्यक्ति से हुई थी बातचीत
प्रवीण कुमार निवासी बल्लूवाड़ा, रामगली, बाराहजारी रेवाड़ी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने BP Wealth कंपनी में DMA अकाउंट खुलवाया था। इसके लिए उसकी बातचीत सोनी दांडू नामक व्यक्ति से हुई थी। शिकायत के अनुसार, संबंधित लोगों ने शेयर खरीदने के नाम पर उससे अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करवाई।
8 बार में अलग-अलग खातों में भेजे 1.41 करोड़
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने 3 नवंबर को उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक रेवाड़ी के खाते से दास गोल्डन ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड के रत्नाकर बैंक खाते में RTGS के जरिए 40 लाख रुपए भेजे।
इसके बाद 13 नवंबर को उसने 3 अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर की। इनमें मैनिफाई कार एक्सेसरीज प्राइवेट लिमिटेड के CSB बैंक खाते में 20 लाख रुपए, सेवेरियन फार्मास्यूटिकल प्राइवेट लिमिटेड के यस बैंक खाते में 20 लाख रुपए और स्वरा ट्रेडर्स के बैंक ऑफ इंडिया खाते में 25 लाख रुपए भेजे।
प्रवीण ने आगे बताया कि 18 नवंबर को उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के खाते से विशाल कुमार के केनरा बैंक खाते में 10 लाख रुपए ट्रांसफर किए। 19 नवंबर को जिवारा ट्रेडर्स के केनरा बैंक खाते में 6 लाख 50 हजार रुपए और अंजनेया एंटरप्राइज के फेडरल बैंक खाते में 10 लाख रुपए भेजे। इसके बाद 20 नवंबर को हावड़ा अक्षय पल्लीग्राम संघ के एक्सिस बैंक खाते में 10 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए। इस तरह अलग-अलग खातों में कुल 1 करोड़ 41 लाख 50 हजार रुपए भेजे गए।
रकम निकालने के लिए मांगी 10 लाख रुपए फीस
प्रवीण कुमार ने बताया कि जब उसने BP Equites प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से निवेश की रकम निकालने के लिए रिक्वेस्ट डाली तो उससे 10 लाख रुपए प्रोसेसिंग फीस जमा कराने को कहा गया। इतनी बड़ी रकम मांगे जाने पर उसे शक हुआ। इसके बाद उसने कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया। बातचीत के दौरान उसे बताया गया कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है।
इसके बाद प्रवीण ने साइबर क्राइम थाना रेवाड़ी में शिकायत दी और संबंधित मोबाइल नंबरों तथा बैंक खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने BNS की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।