सेंट्रल हज कमेटी ने इम्बार्केशन पॉइंट के आधार पर बकाया राशि जमा कराने का सर्कुलर जारी किया है। जयपुर से हज यात्रा पर जाने वाले हजयात्रियों को 31 मार्च तक 74,750 रुपए जमा कराने होंगे। निर्धारित समय तक भुगतान नहीं करने पर फ्लाइट कन्फर्मेशन में परेशानी आ सकती है।
हजयात्रियों ने पहले ही दो किस्तों में 2,77,300 रुपए जमा करवा दिए हैं। अब अंतिम किस्त के रूप में 74,750 रुपए जमा कराने हैं। इसके अलावा कुर्बानी के लिए 17,280 रुपए अलग से जमा करवाकर उसकी रसीद हज हाउस में जमा करानी होगी। हज वेलफेयर सोसायटी के महासचिव हाजी निजामुद्दीन के अनुसार, हजयात्रियों को भुगतान करने से पहले हज कमेटी की वेबसाइट पर लॉगिन कर बकाया राशि की गणना कर लेनी चाहिए, ताकि सही अमाउंट ही जमा हो।
यात्रा में ये सुविधाएं
- इस खर्च में नई स्मार्टवॉच और रोमिंग सिम भी दी जाएगी
- हजयात्री के आने-जाने का हवाई किराया
- मक्का में रहने की व्यवस्था, हजयात्री का बीमा
- हजयात्रियों को एक स्मार्टवॉच और रोमिंग सिम भी दी जाएगी
हज यात्रा के लिए ऐसे करें भुगतान
- ऑनलाइन- हज कमेटी की वेबसाइट (hajcommittee.gov.in) या “Haj Suvidha” ऐप के जरिए (क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग)।
- ऑफलाइन- SBI या Union Bank of India की शाखा में Pay-in-Slip के जरिए। इसके लिए Unique Bank Reference Number जरूरी होगा।