फरीदाबाद में 2 महिला पुलिसकर्मियों को कमरे में किया बंद:पहली पत्नी के कपड़े दिलवाने पहुंची थीं, दूसरी महिला के साथ रह रहा पति

हरियाणा के फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता विजय हिंदू पर पहली पत्नी को बिना तलाक दिए दूसरी महिला के साथ रहने और उसे प्रताड़ित करने के आरोप लगे हैं।

विवाद उस समय बढ़ गया, जब पहली पत्नी गुड़िया के सर्दियों के कपड़े दिलवाने उसके घर पहुंचीं 2 महिला पुलिसकर्मियों को विजय ने कथित तौर पर कमरे में बंद कर दिया। दोनों पुलिसकर्मियों ने अंदर से थाने में फोन कर मदद मांगी। इसके बाद थाने से अतिरिक्त पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें कमरे से बाहर निकाला।

2008 में प्रेम विवाह, दो बेटे हुए

गुड़िया के अनुसार, उसकी शादी विजय से जुलाई 2008 में हुई थी। दोनों की मुलाकात दिल्ली में हुई थी। इसके बाद उन्होंने कालकाजी मंदिर में प्रेम विवाह किया। शादी के बाद उनके 2 बेटे हुए।

गुड़िया का आरोप है कि वर्ष 2018 में विजय ने प्रीति नाम की महिला को अपने साथ रखना शुरू कर दिया। प्रीति के भी 3 बच्चे हैं, जो विजय के घर में ही रहते हैं।

2020 से बेटों के साथ अलग रह रही गुड़िया

गुड़िया का कहना है कि विजय उसे लगातार प्रताड़ित करता था और मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद वर्ष 2020 से वह अपने बेटों के साथ अलग रह रही है। उसने अपनी सास सुमित्रा पर भी मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।

गुड़िया के मुताबिक, उसके और बच्चों के सर्दियों के कपड़े अभी भी विजय के घर में रखे हुए थे।

कपड़े लेने गईं महिला पुलिसकर्मियों को कमरे में किया बंद

मंगलवार को गुड़िया पल्ला थाने पहुंची और पुलिस से अपने कपड़े दिलवाने की मांग की। इसके बाद 2 महिला पुलिसकर्मी उसे साथ लेकर विजय के घर पहुंचीं। आरोप है कि वहां विजय ने दोनों महिला पुलिसकर्मियों को एक कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी।

काफी देर तक कमरे में बंद रहने के बाद दोनों ने अंदर से थाने में फोन कर मदद मांगी। इसके बाद अतिरिक्त पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकाला। पुलिस ने गुड़िया का सामान भी घर से निकलवाकर उसे दिलवा दिया।

पुलिस के पहुंचने पर खुद को घर में किया बंद

बुधवार को पुलिस विजय को पकड़ने उसके घर पहुंची तो उसने खुद को अंदर बंद कर लिया। आरोप है कि वह बाहर खड़े पुलिसकर्मियों को अपशब्द कहता रहा। इस दौरान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों की शिकायत के आधार पर विजय, उसकी मां सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।