यमुनानगर में सहारनपुर-पंचकूला नेशनल हाईवे पर गांव करेड़ा खुर्द के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 31 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तराखंड के देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र निवासी जगदीश कुमार के रूप में हुई है।
हादसे के बाद कार ड्राइवर कुछ देर मौके पर रुका, लेकिन लोगों को जुटता देख कार लेकर फरार हो गया। युवक के साथ पीछे चल रहे उसके ममेरे भाई ने कार का नंबर नोट कर लिया। यमुनानगर सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ढाबे पर जलपान के बाद जा रहे थे
पुलिस को दिए बयान में गांव पोटली निवासी कर्मबीर ने बताया कि वह अपने दोस्त जोगिंद्र सिंह के साथ बाइक पर गांव कलानौर में एक समारोह में शामिल होने आया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सहारनपुर-पंचकूला हाईवे पर उनकी मुलाकात उसकी मौसी के बेटे जगदीश कुमार से हुई। जगदीश अपनी स्प्लेंडर बाइक पर किसी निजी काम से यमुनानगर जा रहा था।
तीनों ने हाईवे किनारे बने एक ढाबे पर जलपान किया। इसके बाद जगदीश अपनी बाइक से यमुनानगर की तरफ रवाना हो गया, जबकि वह और उसका दोस्त दूसरी बाइक पर उसके पीछे चलने लगे। जब वे गांव करेड़ा खुर्द के पास पहुंचे तो पीछे से आई सफेद रंग की होंडा कार ने जगदीश की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
कार ड्राइवर मौके से हुआ फरार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जगदीश बाइक समेत सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कर्मबीर के अनुसार कार ड्राइवर कुछ देर मौके पर रुका था, लेकिन लोगों की भीड़ देख मौका पाकर कार समेत फरार हो गया। हादसे की सूचना किसी राहगीर ने डायल 112 पर दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को निजी एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया। सदर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि कर्मबीर की शिकायत पर कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस कार ड्राइवर की पहचान करने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।