मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी बुधवार को उनके गांव लदमा में ऋफिकेश के साथ हुई। सात फेरों के बाद एक-दूजे के हो गए। इस शादी की पूरे देश में चर्चा रही।
दूल्हा ऋषिकेश करीब 200 गाड़ियों के काफिले के साथ पटना के बिहटा से बारात लेकर पहुंचे। दूल्हे ने शादी में गिफ्ट मिली 3 करोड़ की डिफेंडर कार से जयमाल के लिए पहुंचे। इसके बाद उन्हें गोद में उठाकर मंच तक पहुंचाया गया। वहीं दुल्हन शिवांगी ने लैंड क्रूजर से एंट्री ली। दोनों एक-दूसरे को वरमाला पहनाई।
जयमाला के दौरान दूल्हा-दुल्हन को देखने के लिए स्टेज के पास लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान मेहमानों ने तालियां बजाकर दोनों का स्वागत किया। आतिशबाजी भी हुई।
अनंत सिंह भी जयमाला से पहले बारातियों के बीच पहुंचे। उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। अनंत की बेटी की शादी में पवन सिंह ने ठुमके लगाए। शादी से पहले आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता भीड़ के कारण बीच में कैंसिल करनी पड़ी। घुड़दौड़ देखने आए एक बुजुर्ग की मौत भी हो गई।
घुड़दौड़ देखने पहुंचे 1 लाख लोग, एक बुजुर्ग की मौत
शादी से पहले अनंत सिंह ने घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन कराया। इसे देखने के लिए करीब 1 लाख लोग पहुंचे थे। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कुछ लोग बिजली के टावर पर भी चढ़ गए। अनंत सिंह खुद मंच पर खड़े होकर घुड़दौड़ देख रहे थे।
भीड़ के कारण प्रतियोगिता को बीच में रोकना पड़ा। अब इसे गुरुवार को आयोजित किया जाएगा।
शादी समारोह में घुड़दौड़ के अलावा संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रखे गए थे। भोजपुरी कलाकारों ने भी परफॉर्मेंस दी। कलाकारों ने अपने कार्यक्रमों से मेहमानों का मनोरंजन किया। बताया जाता है कि घुड़दौड़ देखने आए एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। मरने वाले की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस पहचान करने में जुटी है।
10 किलोमीटर तक लगा जाम, 5 किलोमीटर के दायरे में नेटवर्क प्रभावित
शादी में शामिल होने के लिए आसपास के गांवों से हजारों लोग पहुंचे। भीड़ की वजह से बाढ़ के आसपास करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।
सड़क पर देर शाम तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। मेहमानों और बारातियों को समारोह स्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई।
लंबे जाम के बीच बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार भी किसी तरह अनंत सिंह के गांव पहुंचे। भीड़ के कारण करीब 5 किलोमीटर के दायरे में मोबाइल नेटवर्क और कॉलिंग सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
उत्तर प्रदेश से आए पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह को भीड़ के बीच ट्रैक्टर पर बैठकर आगे जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह के प्यार में बिहार और यूपी से इतने लोग पहुंचे हैं कि व्यवस्था प्रभावित हो गई है।
ट्रैक्टर पर बैठने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए ऐसा करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह का प्रभाव पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा।
25 बीघे में बना पंडाल, 4 लाख लोगों के खाने का इंतजाम
शादी के लिए 25 बीघे में भव्य पंडाल बनाया गया था। वीआईपी मेहमानों के लिए अलग पंडाल तैयार किया गया। यहां 30 स्टॉल लगाए गए थे। अनंत सिंह का दावा था कि 4 लाख से ज्यादा लोगों के खाने का इंतजाम किया गया है।
खाना बनाने के लिए 300 से ज्यादा चूल्हे लगाए गए थे। करीब 500 हलवाई और कारीगर खाना और मिठाइयां बनाने में जुटे थे।
हेलीकॉप्टर से आने वाले मेहमानों के लिए तीन हेलीपैड भी तैयार किए गए थे। अनंत सिंह हाथी पर सवार होकर समधी मिलन करने वाले थे। इसके लिए दो हाथी मंगाए गए थे।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह समेत कई बड़े मेहमान पहुंचे
शिवांगी की शादी में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पहुंचे। जदयू से अनंत सिंह को निकाले जाने के बाद दोनों की यह पहली मुलाकात थी। ललन सिंह ने शादी में शामिल होकर शुभकामनाएं दीं।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव, नवादा से भाजपा सांसद विवेक ठाकुर और पूर्व सांसद साधु यादव भी पहुंचे।
उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह और यूपी के दिनेश राय भी शादी में शामिल हुए। पूर्व विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू और बाढ़ विधायक सियाराम सिंह ने भी समारोह में शिरकत की।
बारात में अमेरिका और अहमदाबाद से भी पहुंचे लोग
बारात निकलने से पहले दूल्हे ऋषिकेश की मां आशा देवी ने परछावन समेत शादी की अन्य रस्में निभाईं। बारात में झारखंड का प्रसिद्ध झारखंडिया बैंड भी शामिल हुआ।
अनंत सिंह के समधी और दूल्हे ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सिंह ने कहा कि उनके लिए यह बेहद खुशी का दिन है।
उन्होंने बताया कि बारात में अमेरिका, अहमदाबाद और बिहार के अलग-अलग जिलों से लोग शामिल होने पहुंचे हैं।