भागीरथपुरा कांड के प्रमुख जिम्मेदार सस्पेंड EE बहाल:संजीव श्रीवास्तव को भोपाल PHE में नई पदस्थापना; निचले स्तर के कर्मचारी अब भी निलंबित

भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले में जिम्मेदार माने गए वरिष्ठ अधिकारियों की बहाली और नई पदस्थापनाओं पर सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद सस्पेंड किए गए तत्कालीन कार्यपालन यंत्री (EE) संजीव कुमार श्रीवास्तव का निलंबन समाप्त कर उन्हें बहाल कर दिया गया है। स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने उन्हें भोपाल स्थित पीएचई के मुख्य अभियंता कार्यालय में पदस्थ किया है। खास बात यह है कि मामले की विभागीय जांच अब भी जारी है।

इससे पहले तत्कालीन अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को भी बहाल कर रायसेन का कलेक्टर बनाया जा चुका है। वहीं, घटना के बाद पद से हटाए गए तत्कालीन निगमायुक्त दिलीप यादव को सागर कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है।

दूसरी ओर, नगर निगम स्तर पर कार्रवाई की जद में आए जोनल अधिकारी और उपयंत्री अब भी निलंबित हैं। एक सहायक यंत्री की सेवाएं भी समाप्त की जा चुकी हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब जांच में वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका पर भी गंभीर टिप्पणियां हुई थीं, तो उनकी बहाली और नई पदस्थापनाओं के बीच निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई अब तक क्यों जारी है।