किसी बच्चे को खेलना पसंद होता है, तो किसी को खिलौनों से नई-नई चीजें बनाना। लेकिन भोपाल के 6 साल 9 महीने के रिवांश तिवारी ने अपनी याददाश्त को ही अपनी पहचान बना लिया।
उसने महज 153 सेकंड यानी 2 मिनट 33 सेकंड में 152 देशों के झंडे पहचानकर उनके नाम बता दिए। पहली कक्षा में पढ़ने वाले रिवांश की इस उपलब्धि को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (IBR) में दर्ज किया गया है।
खास बात यह है कि एक रिकॉर्ड बनाने के बाद भी वह रुका नहीं है। अब उसकी तैयारी पुलअप बार पर उल्टा लटककर हनुमान चालीसा सुनाने का रिकॉर्ड बनाने की है।
वर्ल्ड मैप के खिलौने से दिखी प्रतिभा, मां ने शुरू कराया अभ्यास
रिवांश का जन्म 8 दिसंबर 2019 को हुआ। वह भोपाल का रहने वाला है और कक्षा फर्स्ट (बी) में पढ़ता है। उसकी मां शैली तिवारी बताती हैं कि रिवांश को शुरू से ही देशों और नक्शों में रुचि थी।
एक दिन उन्होंने देखा कि रिवांश वर्ल्ड मैप के खिलौने से खेलते हुए आसानी से देशों के नाम पहचान रहा है। बेटे की इस रुचि को देखकर उन्होंने उसकी प्रतिभा निखारने का फैसला किया।
शैली ने ऑनलाइन देशों का एक कैलेंडर मंगवाया। इसमें महाद्वीपों के हिसाब से सभी देशों के नाम और उनके झंडे दिए गए थे। उन्होंने कैलेंडर में देशों के नाम टेप से ढक दिए और रिवांश को सिर्फ झंडे दिखाकर उनके नाम पूछने लगीं।
शुरुआत में उन्होंने उसे 50 देशों के नाम याद करवाए। फिर अगले 50 देशों का अभ्यास कराया। धीरे-धीरे रिवांश ने पांचों महाद्वीपों के देशों के नाम और उनके झंडे पहचानना सीख लिया।
रिवांश बताता है कि मां रोज उसकी तैयारी करवाती थीं। वे टाइमर लगाकर उससे देशों के नाम पूछती थीं। वह कहता है, “सबसे पहले अर्जेंटीना देश का नाम याद किया, क्योंकि यह नाम मुझे याद नहीं हो रहा था।”
6 महीने तैयारी, 30 सितंबर को रिकॉर्ड की पुष्टि
रिवांश ने करीब 6 महीने तक इस रिकॉर्ड के लिए तैयारी की। मां शैली बताती हैं कि काफी दिनों तक अभ्यास करने के बाद रिवांश लगातार 2 मिनट 33 से 35 सेकंड के आसपास सभी 152 देशों के झंडों की पहचान करने लगा।
इसके बाद उन्होंने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में उपलब्धि दर्ज कराने के लिए आवेदन किया और रिकॉर्ड से जुड़ा 2 मिनट 33 सेकंड का वीडियो संस्था को भेजा।
संस्था की टीम ने भेजे गए वीडियो की जांच की। इसके बाद रिवांश की उपलब्धि को मंजूरी दी गई। 30 सितंबर 2026 को उसके रिकॉर्ड की पुष्टि हुई और 16 अक्टूबर 2026 को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से सर्टिफिकेट जारी किया गया। उसे IBR Achiever की मान्यता मिली।
रिकॉर्ड घोषणा वाले दिन तबीयत खराब थी
रिवांश के लिए रिकॉर्ड की घोषणा का दिन भी खास अनुभव लेकर आया। रिवांश ने बताया कि उस दिन उसकी तबीयत खराब थी और उसे उल्टी हुई थी। इसके बाद वह सो गया। जब नींद खुली तो उसने अपना रिकॉर्ड देखा। सबसे पहले उसने यह उपलब्धि अपनी मां और मामी को दिखाई।
पापा व्यापारी, मां CA; मैथ्स और ड्राइंग पसंद
रिवांश के पिता रविशंकर तिवारी भोपाल में व्यापारी हैं, जबकि उसकी मां शैली चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) हैं। पढ़ाई में उसे मैथ्स सबसे ज्यादा पसंद है। इसके अलावा उसे ड्राइंग करना और पुलअप बार पर एक्सरसाइज करना अच्छा लगता है।
रिवांश की क्लास टीचर नेहा चतुर्वेदी बताती हैं कि वह जिज्ञासु बच्चा है। हमेशा कुछ नया सीखने के लिए तैयार रहता है और क्लास में भी सक्रिय रहता है।
उसकी सीखने की रुचि को देखते हुए मां और स्कूल के बीच लगातार बातचीत होती थी। दोनों मिलकर उसकी तैयारी के लिए काम करते थे।
उल्टा लटककर 90 सेकंड में हनुमान चालीसा सुनाने का लक्ष्य
152 देशों के झंडों की पहचान का रिकॉर्ड बनाने के बाद रिवांश अब एक और उपलब्धि हासिल करना चाहता है। इस बार उसका लक्ष्य लेग लॉक करके पुलअप बार से उल्टा लटकते हुए 1 मिनट 30 सेकंड में हनुमान चालीसा सुनाने का है।
रिवांश बताता है कि वह पिछले करीब एक महीने से इसकी तैयारी कर रहा है। घर में लगे पुलअप बार पर लेग लॉक करके हनुमान चालीसा बोलने का अभ्यास करता है।
जर्मनी जाना चाहता है, कार डिजाइनर बनने का सपना
रिवांश का सपना बड़ा होकर कार डिजाइनर बनने का है। उसने बताया कि अगर उसे किसी एक देश में घूमने का मौका मिले, तो वह जर्मनी जाना पसंद करेगा। वहां कारों के बहुत सारे ब्रांड हैं और सबसे ज्यादा कारें भी वहीं बनती हैं।
वह ऐसी कार बनाना चाहता है, जिसमें पंख हों और जो हवाई जहाज की तरह उड़ सके। फिलहाल रिवांश का पूरा ध्यान अपने अगले रिकॉर्ड पर है।
सागर पब्लिक स्कूल, द्वारका धाम की प्रिंसिपल जयश्री इंदौरिया कहती हैं कि छोटी उम्र से बच्चों को अलग-अलग गतिविधियों से जोड़ने पर उनकी प्रतिभा को पहचानने में मदद मिलती है। इसके लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच आपसी सहयोग भी जरूरी है।