हिस्ट्रीशीटर संग घूमने गए ASI समेत 5 कॉन्स्टेबल लाइन हाजिर:समुद्र किनारे मस्ती करते दिखे, पुलिसकर्मियों ने इनकार किया, फोटो-वीडियो में आए नजर

उदयपुर में हिस्ट्रीशीटर के साथ घूमने गए एएसआई समेत पांच कॉन्स्टेबलों को बुधवार रात लाइन हाजिर कर दिया। सभी पुलिसककर्मी दमन दीव में समुद्र किनारे मस्ती करते दिखे थे। इसका वीडियो भी सामने आया था। मामला सायरा पुलिस थाने का है।

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने एएसआई राजेन्द्र सिंह, कॉन्स्टेबल नरपतराम, गुमान सिंह, धर्मेन्द्र कुमार और लोकेन्द्र सिंह को लाइन हाजिर किया है।

थानाधिकारी की विदाई समारोह में पहुंचा था हिस्ट्रीशीटर

मामले में सायरा थाने के तत्कालीन थानाधिकारी शैतानसिंह पर र्कारवाई नहीं होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

करीब 2 महीने पहले उनके ट्रांसफर के बाद विदाई समारोह में हिस्ट्रीशीटर भंवरसिंह थाने पहुंचा था और थानाधिकारी को श्रीनाथजी की तस्वीर भेंट की थी। इसका फोटो भी सामने आया था।

एसपी के निर्देश पर डीएसपी ने की थी मामले की जांच

दीपावली से पहले कॉन्स्टेबल रूपाराम टेलर का हिस्ट्रीशीटर के साथ फोटो सामने आया था। जिसके बाद 14 नवंबर को कॉन्स्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया था। इसके कुछ दिन बाद ही अन्य पुलिसकर्मियों के भी हिस्ट्रीशीटर के साथ फोटो-वीडियो सामने आने लगे।

इसके बाद एसपी डॉ. अमृता दुहन ने मामले की जांच गिर्वा डीएसपी छगन राजपुरोहित को सौंपी थी। डीएसपी की जांच के बाद इन पुलिस​कर्मियों पर एसपी ने कार्रवाई की है।

घूमने की बता से इनकार किया, फोटो-वीडियो में आए नजर

मामले में इन पुलिसकर्मियों ने सफाई दी थी कि अगस्त 2026 में किसी मामले में आरोपियों को पकड़ने के लिए दमन दीव गए थे। उस दौरान समुद्र किनारे भी घूमने गए थे।

हिस्ट्रीशीटर के साथ होने की बात से पुलिसकर्मियों ने साफ इनकार कर दिया था, जबकि एक फोटो में कॉन्स्टेबल धर्मेन्द्र सिंह हिस्ट्रीशीटर के कंधे पर हाथ रखे नजर आ रहे हैं और वीडियो में एएसआई राजेन्द्र सिंह, कॉन्स्टेबल नरपतराम और लोकेन्द्र भी दिख रहे हैं।