बेगूसराय पुलिस ने महिला नक्सल विनीता भारती को गिरफ्तार किया है। उसपर एक लाख रुपए की इनामी घोषित की गई थी। विनीता की गिरफ्तारी से बेगूसराय के साथ साथ मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण पुलिस ने राहत की सांस ली है।
कभी श्वेता, कभी अनीता, कभी प्रतिमा तो कभी कल्पना नाम बदलकर कानून की आंखों में धूल झोंक रही थी। विनीता को बिहार एसटीएफ और बेगूसराय पुलिस की डीआईयू टीम ने बरौनी थाना क्षेत्र के हामोडीह गांव के पास से दबोचा है। पहचान छिपाने के लिए पांच नाम रखी थी।
गिरफ्तार विनीता ने पुलिस की पूछताछ में कई खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर 2025 को तेघड़ा के नोनपुर गांव में एनकाउंटर में माओवादी एरिया कमांडर दयानंद मालाकार उर्फ छोटू उर्फ सनेश के मारा गया। इसके बाद हमने कैडर को दोबारा खड़ा किया।
करीब दो महीने तक बथौली से सटे हामोडीह गांव में छिपकर रह रही थी। एक झोपड़ीनुमा घर में छिपकर साप्ताहिक बैठकें करती रही।
दो महीने तक हामोडीह में चलती रही खुफिया बैठकें
पुलिस सूत्रों के मुताबिक विनीता भारती की गिरफ्तारी के बाद अब उसके ठिकानों और संपर्कों की परतें तेजी से खुल रही हैं। वह करीब दो महीने से बरौनी थाना क्षेत्र के हामोडीह गांव में एक झोपड़ीनुमा घर में रह रही थी। आम लोगों की नजरों से दूर इस झोपड़ी में रहते हुए वह संगठन से जुड़े पुराने लोगों से लगातार संपर्क में थी।
हामोडीह दयानंद मालाकार का गांव है। एक नक्सली की बेटी से प्रेम विवाह करने के बाद नोनपुर गांव में बस गया था। बाथौली, हामोडीह और नोनपुर तीनों आसपास है।
अतीत में लंबे समय तक नक्सली गतिविधियों और शरणस्थली के रूप में संवेदनशील रहे हैं। बेगूसराय के लिए यह घटनाक्रम चौंकाने वाला है, क्योंकि साल 2018 में जिले को नक्सल मुक्त घोषित किया गया था।
31 दिसंबर 2025 को दयानंद का हुआ था एनकाउंटर
आधिकारिक तौर पर नक्सल मुक्त होने के बाद जिले में नक्सली वारदातों और घटनाओं में काफी कमी आई है। 31 दिसंबर 2025 को तेघड़ा थाना क्षेत्र के नोनपुर गांव में हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपए के इनामी माओवादी एरिया कमांडर और उत्तर बिहार केंद्रीय क्षेत्रीय समिति के सचिव दयानंद मालाकार उर्फ छोटू उर्फ सनेश मारा गया। इसके बाद लगा कि नक्सलियों का नेटवर्क की कमर टूट गई है।
लेकिन महिला कमांडर विनीता भारती संगठन को मजबूत करने में जुटी थी। गुप्त सूचना के आधार पर STF, बेगूसराय डीआईयू, मुजफ्फरपुर और बेगूसराय पुलिस की संयुक्त टीम ने बथौली इलाके में ऑपरेशन चलाया। 25 से अधिक पुलिसकर्मियों ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की और विनीता को धर दबोचा।
नक्सली गतिविधियों से जुड़े पोस्टर, पंपलेट बरामद
गिरफ्तारी के दौरान उसने भागने की भी कोशिश की, लेकिन सतर्क टीम ने उसे निकलने का मौका नहीं दिया। तलाशी के दौरान नक्सली गतिविधियों से जुड़े पोस्टर, पंपलेट, किताबें और अन्य संदिग्ध दस्तावेज मिलने की चर्चा है।
पुलिस यह भी मान रही है कि वह नोनपुर मुठभेड़ में मारे गए दयानंद मालाकार की पत्नी ममता देवी से संपर्क साधने और नए सदस्यों को जोड़कर संगठन का विस्तार करने की दिशा में काम कर रही थी।
जोनल कमांडर पति के एनकाउंटर के बाद संभाली थी कमान
विनीता भारती के नक्सली सफर की जड़ें उसके पति से जुड़ी हैं। मुजफ्फरपुर के हथौड़ी थाना क्षेत्र के महुली गांव में जन्मी और दरभंगा के बहेड़ी थाना क्षेत्र के लालपुर शिवराम गांव में ब्याही गई विनीता का पति अमरलाल देव उर्फ नारायण राम उर्फ नकुल प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन का सक्रिय था।
उत्तर बिहार के हथियारबंद दस्ते का जोनल कमांडर था। 2020 में पश्चिम चंपारण के बाल्मीकिनगर के दोन क्षेत्र में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में नकुल मारा गया था।
पति की मौत के बाद भी विनीता पीछे नहीं हटी। पति की जगह कमांडर की भूमिका में आगे बढ़ गई। पहचान और ठिकाने बदलते हुए वह उत्तर बिहार की सबसे चर्चित महिला नक्सलियों में शुमार हो गई।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक विनीता की सक्रियता 15 जनवरी 2017 को मुजफ्फरपुर के पारू थाना क्षेत्र में नक्सलियों की बड़ी बैठक के दौरान हुई छापेमारी में सामने आई थी। जब हथियार, नक्सली पर्चे और लेवी रसीदें बरामद हुई और वह चकमा देकर फरार हो गई थी।
मुजफ्फरपुर के अलग-अलग थानों में केस दर्ज
पारू थाना कांड संख्या- 13/17 के अलावा उसके खिलाफ मीनापुर के पानापुर थाना कांड संख्या- 340/17, सरैया थाना कांड संख्या- 285/17, पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर और लौरिया थानों में 2018, 2020 के आसपास दर्ज मामलों सहित पांच से अधिक संगीन कांड दर्ज हैं। हत्या, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और यूएपीए जैसी गंभीर धाराओं में वांछित रहने तथा करीब नौ साल से फरार होने के कारण मई 2026 में उस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था।
अंतरराज्यीय नेटवर्क और शरणदाताओं पर पुलिस का शिकंजा
एसटीएफ, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर पुलिस की टीम विनीता से गहन पूछताछ में जुटी है। जांच एजेंसियां यह खंगाल रही है कि हामोडीह और बथौली के आसपास उसे किसने पनाह दी, वह किस नाम-पते से रह रही थी। कौन-कौन लोग उसके संपर्क में थे।
इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसका नेटवर्क केवल बिहार तक ही सीमित है या झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों तक फैला हुआ है। नोनपुर एनकाउंटर के बाद विनीता की गिरफ्तारी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सुरक्षा एजेंसियां किसी भी सूरत में नक्सली नेटवर्क को दोबारा सिर उठाने नहीं देंगी।